Tuesday, 17 November 2026
पंजाब
Punjab News: ड्यूटी पर जा रहे अकाउंटेंट को बदमाशों ने घेरा, लूट में नाकाम होने पर चलाई गोलियां
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। रामगढ़ इलाके में ओसवाल फोर्जिंग के पास लूट के इरादे से आए बाइक सवार बदमाशों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बदमाशों की फायरिंग में बुजुर्ग घायल हो गए।
गनीमत रही कि हेलमेट ने उनकी जान बचा ली। फिलहाल घायल प्रमोद सिंह का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित के मुताबिक, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 4 से 5 युवक आए थे। उन्होंने पहले बुजुर्ग को रोककर बदतमीजी की और फिर उनके साथ हाथापाई करते हुए जेबों की तलाशी लेने लगे।
पीछे से आए बदमाश, बोले- क्या स्कूटी तेरे बाप की है?
इसी दौरान एक बदमाश ने अपने साथियों को गोली मारने के लिए कहा और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। अस्पताल में उपचाराधीन प्रमोद सिंह ने बताया कि वह अकाउंट्स का काम करते हैं। जब वह रामगढ़ स्थित अपने ऑफिस से ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर 4-5 युवक आए।
बदमाशों की उम्र करीब 25 से 35 साल के बीच थी। उन्होंने प्रमोद सिंह को रास्ते में रोक लिया और स्कूटी को लेकर बदतमीजी करने लगे। आरोपियों ने उनसे कहा, "स्कूटी खोल, क्या स्कूटी तेरे बाप की है?"
हाथापाई के बाद बदमाशों ने चलाई गोलियां
प्रमोद सिंह के मुताबिक, बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी और उनकी जेबों की तलाशी लेने लगे। इसी दौरान एक युवक ने अपने साथियों से कहा- "गोली मार दो, गोली मार दो।"
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
इसके बाद आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से बुजुर्ग को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हेलमेट पर लगी 2 से 3 गोलियां, जांघ में भी लगी गोली
घायल प्रमोद सिंह ने बताया कि हमलावरों ने कई गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली उनकी जांघ पर लगी, जबकि अन्य गोलियां उनके शरीर के दूसरे हिस्से को छूती हुई निकलीं।
2 से 3 गोलियां सीधे उनके हेलमेट पर लगीं। हेलमेट की वजह से उनकी जान बच गई। गोली लगने के बाद वह घायल हो गए और इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे।
लूट के इरादे से आए थे बदमाश, लेकिन खाली हाथ लौटे
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों का मकसद लूटपाट करना था। बदमाशों ने हाथापाई के दौरान उनकी जेबें भी खंगालीं, लेकिन उनके पास नकदी या कोई कीमती सामान नहीं था। इस कारण आरोपी लूट करने में सफल नहीं हो सके।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपी आम लोगों जैसे ही दिखाई दे रहे थे।
पुलिस को दी जानी है वारदात की पूरी जानकारी
घटना के तुरंत बाद घायल प्रमोद सिंह सिविल अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस को अभी पीड़ित की ओर से वारदात के संबंध में पूरी जानकारी दी जानी बाकी है। पुलिस की जांच के बाद ही हमलावरों की पहचान और घटना के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।