ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 28 October 2026

Accident News: जालंधर में कार और पिकअप की जोरदार टक्कर; डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पलटीं गाड़ियां

Accident News: जालंधर में कार और पिकअप की जोरदार टक्कर; डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पलटीं गाड़ियां

डेली संवाद, फिल्लौर। Accident News: पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर में नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार को ओवरटेक करने के दौरान बोलेरो पिकअप और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन डिवाइडर पर लगे पेड़ों को उखाड़ते हुए दूसरी लेन में जा पलटे।

हादसे में कार सवार दो लोगों में से एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फिल्लौर के सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद जालंधर रेफर कर दिया गया। हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है।

ओवरटेक करते समय कार और पिकअप की टक्कर

जानकारी के अनुसार, बोलेरो पिकअप चालक कमल जालंधर से सामान लोड करके लखनऊ जा रहा था। चालक ने बताया कि कार सवार पिछले एक-दो किलोमीटर से लगातार कट मार रहे थे।

उसके मुताबिक, आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान कार अचानक पिकअप के सामने आ गई। इसी बीच दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों वाहनों की रफ्तार करीब 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए।

टक्कर इतनी जोरदार कि डिवाइडर के पेड़ उखड़े

हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों वाहन डिवाइडर पर लगे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाते हुए फिल्लौर से गोराया की ओर जाने वाली लेन में जा गिरे।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बोलेरो पिकअप पलट गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। सड़क पर कांच और वाहनों के टूटे हुए पुर्जे बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

SSF टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम और ड्यूटी अफसर जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया।

घायल को फिल्लौर के सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए जालंधर रेफर कर दिया।

हाईवे से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान पिकअप चालक वाहन में रखा सामान निकालता नजर आया।

पुलिस और हाईवे प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल दुर्घटना में किसी की मौत होने की सूचना नहीं है।