ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 14 September 2026

Accident News: पंजाब में बड़ा हादसा, PRTC बस से टकराई बच्चों से भरी स्कूल बस; कई छात्र घायल

Accident News: पंजाब में बड़ा हादसा, PRTC बस से टकराई बच्चों से भरी स्कूल बस; कई छात्र घायल

डेली संवाद, मानसा। Accident News: पंजाब के मानसा (Mansa) में नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्कूल बस आगे जा रही PRTC बस से पीछे से टकरा गई। हादसे में स्कूल बस में सवार करीब 10 से 15 बच्चे घायल हो गए। इनमें एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में स्कूल बस के ड्राइवर की दोनों टांगें टूट गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सुबह करीब साढ़े 7 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे मानसा के नेशनल हाईवे पर हुआ। स्कूल बस हौली हार्ट पब्लिक स्कूल, किशनगढ़ की बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

बताया जा रहा है कि स्कूल बस में कई बच्चे सवार थे। अचानक PRTC बस के आगे एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार के कान पर मोबाइल फोन लगा हुआ था। उसे बचाने के लिए PRTC बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।

पीछे से स्कूल बस ने मारी टक्कर

PRTC बस के अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे से आ रही स्कूल बस चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और स्कूल बस सीधे PRTC बस से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल बस में सवार कई बच्चे घायल हो गए। हादसे में स्कूल बस ड्राइवर की दोनों टांगों में गंभीर चोटें आईं और उनके फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।

एक बच्ची की हालत गंभीर

हादसे में एक छोटी बच्ची को ज्यादा चोटें आने की बात सामने आई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बाकी घायल बच्चों को भी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बरेटा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बाइक सवार के अचानक सामने आने और दोनों बसों की स्थिति के कारण दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।