ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 29 September 2026

Accident News: पंजाब में तेज रफ्तार कार का कहर, 5 बच्चों को मारी टक्कर, 12 साल के बच्चे की मौत; ड्राइवर फरार

Accident News: पंजाब में तेज रफ्तार कार का कहर, 5 बच्चों को मारी टक्कर, 12 साल के बच्चे की मौत; ड्राइवर फरार

डेली संवाद, संगरूर। Accident News: पंजाब के संगरूर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लहरागागा के गांव बखोरा खुर्द में तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने पैदल जा रहे पांच बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय लड़की गंभीर रूप से घायल हुई है। तीन अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार कार ने बच्चों को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, बखोरा खुर्द निवासी 12 वर्षीय युद्धवीर, 17 वर्षीय ईशा और तीन अन्य बच्चे गांव में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बखोरा कलां की तरफ से आ रही ऑल्टो कार अचानक बेकाबू हो गई और पांचों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बच्चों को तुरंत लहरागागा के अस्पताल पहुंचाया।

12 साल के युद्धवीर की मौत

लहरागागा के अस्पताल में डॉक्टरों ने 12 वर्षीय युद्धवीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं 17 वर्षीय ईशा की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

अस्पताल के डॉक्टर तुलेश बंसल के अनुसार, ईशा की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए संगरूर रेफर किया गया है। हादसे में घायल तीन अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। मृतक युद्धवीर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मूनक भेजा गया है।

हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर

हादसे के बाद आरोपी चालक ऑल्टो कार को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही चोटियां चौकी के इंचार्ज रंजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार कार हरियाणा नंबर की है। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

रोज शाम को घूमने जाते थे बच्चे

मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासी लाखा सिंह ने बताया कि बच्चे रोजाना शाम को घूमने के लिए निकलते थे। बखोरा कलां और बखोरा खुर्द के बीच एक तालाब है और उसके पुल के पास यह हादसा हुआ।

उन्होंने बताया कि बच्चों ने तेज रफ्तार से आती कार को देखकर सड़क किनारे होने की कोशिश की, लेकिन कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बच्चों को टक्कर मार दी।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

चौकी इंचार्ज रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को बच्चों के सड़क पर घूमने के दौरान कार की टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके से कार बरामद कर ली है और चालक की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और कार की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।