ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 17 November 2026

Accident News: उत्तराखंड में दो बड़े हादसे: नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, खाई में समाई बोलेरो; 14 की मौत

Accident News: उत्तराखंड में दो बड़े हादसे: नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, खाई में समाई बोलेरो; 14 की मौत

डेली संवाद, ऋषिकेश/रुद्रप्रयाग। Accident News: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह दो बड़े सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। टिहरी और रुद्रप्रयाग जिले में हुए इन हादसों में कुल 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए।

पहला हादसा ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा पहुंची। वहीं, दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग की क्यूंजा घाटी में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो खाई में गिर गई।

टिहरी में नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 10 की मौत

पहला हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। यहां यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 60 से 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई और नदी में जा पहुंची। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में तीन साल की एक बच्ची भी शामिल है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स पहुंचाया गया। टिहरी की DM नितिका खंडेलवाल ने बताया कि हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायलों ने एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

यात्रियों ने ड्राइवर पर लगाए तेज रफ्तार के आरोप

हादसे में घायल यात्री पंकज ने बताया कि बस का ड्राइवर काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। यात्रियों ने दो से तीन बार ड्राइवर को बस की स्पीड कम करने के लिए कहा था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

पंकज के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण बस लगातार उछल रही थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद ड्राइवर को हल्की झपकी आई और फिर बस हादसे का शिकार हो गई। एक अन्य घायल यात्री ने बताया कि हादसा सुबह करीब 5 से 5:15 बजे के बीच हुआ। उसे नींद आ गई थी और जब आंख खुली तो वह बस से नीचे गिरा हुआ था।

झारखंड, बिहार, असम और मध्य प्रदेश के यात्री घायल

SSP श्वेता चौबे ने बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे बस के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। घायलों में झारखंड, असम, बिहार और मध्य प्रदेश के रहने वाले यात्री शामिल बताए गए हैं।

एम्स ऋषिकेश के डॉक्टर मधुर उनियाल के अनुसार, अस्पताल में 22 मरीज पहुंचे थे, जिनमें दो की मौत हो गई। 20 घायलों का इलाज किया जा रहा था और इनमें 6 की हालत गंभीर बताई गई। टिहरी की DM नितिका खंडेलवाल और SSP श्वेता चौबे ने एम्स पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।

रुद्रप्रयाग में खाई में गिरी बारातियों की बोलेरो, 4 की मौत

दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ। यहां पोखरी से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे बारातियों की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं।

घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहत-बचाव टीमों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन की ओर से हादसे में घायल लोगों की पहचान की गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

टिहरी बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

उत्तराखंड में सड़क हादसों से मचा हड़कंप

मंगलवार सुबह हुए इन दोनों हादसों ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक तरफ टिहरी में यात्रियों से भरी बस नदी में गिर गई, वहीं दूसरी तरफ रुद्रप्रयाग में शादी समारोह से लौट रहे लोगों की बोलेरो खाई में समा गई। दोनों घटनाओं में कुल 14 लोगों की जान चली गई और 30 लोग घायल हो गए।