Wednesday, 23 September 2026
पंजाब
Accident News: फ्लाईओवर से 18 फीट नीचे गिरा बाइक सवार, अस्पताल में तोड़ा दम
डेली संवाद, मोहाली। Accident News: मोहाली (Mohali) के जीरकपुर में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर बने फ्लाईओवर से एक बाइक सवार युवक करीब 18 फीट नीचे सड़क पर गिर गया। युवक मुंह के बल सड़क पर गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत संभाला और एंबुलेंस की मदद से चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद युवक की बाइक फ्लाईओवर के ऊपर ही मिली। युवक फ्लाईओवर से नीचे कैसे गिरा, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेठी ढाबे के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा मंगलवार रात करीब 9 बजे से 9:15 बजे के बीच अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर बने फ्लाईओवर पर सेठी ढाबे के पास हुआ।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान एक युवक अचानक फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर आ गिरा। युवक ने टी-शर्ट, पैंट, जूते और हेलमेट पहन रखा था।
मुंह के बल सड़क पर गिरा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक के सड़क पर गिरते ही उसके मुंह से खून निकलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद की।
सेठी ढाबे के एंबुलेंस ड्राइवर और कर्मचारियों ने भी घायल युवक को संभालने में मदद की। मौके पर मौजूद तीन-चार लोगों ने युवक को एंबुलेंस में डालकर चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने युवक की जांच की, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
फ्लाईओवर के ऊपर मिली बाइक
हादसे में सबसे अहम बात यह सामने आई कि युवक की बाइक फ्लाईओवर के ऊपर ही मिली। इससे पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर युवक फ्लाईओवर से नीचे कैसे गिरा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बाइक चलाते समय उसका संतुलन बिगड़ा था या हादसे के पीछे कोई अन्य वजह थी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक की पहचान नहीं हुई
पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसकी पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है और अन्य माध्यमों से भी जांच की जा रही है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है, ताकि हादसे की सही वजह सामने आ सके। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवक फ्लाईओवर से नीचे किन परिस्थितियों में गिरा था।