Tuesday, 04 August 2026
दुनिया
Air India Flight Turbulence: थाईलैंड से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट तेज टर्बुलेंस में फंसी, 15 यात्री घायल
डेली संवाद, नई दिल्ली। Air India Flight Turbulence: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को अचानक भीषण टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) की चपेट में आ गई। उड़ान के दौरान विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित तरीके से सुबह 11:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
विमान में 134 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। DGCA के एक अधिकारी के अनुसार इस घटना में 11 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत कुल 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि 7 यात्रियों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उड़ान के दौरान 2-3 मिनट तक हिलता रहा विमान
फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने बताया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक विमान में तेज झटके लगने शुरू हो गए। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक विमान जोर-जोर से हिलने लगा और करीब 2 से 3 मिनट तक लगातार झटके महसूस हुए, जिससे कई लोग अपनी सीटों से उछल गए और घायल हो गए।
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में विमान की सीलिंग के पैनलों में दरारें भी दिखाई दी हैं, जिससे टर्बुलेंस की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
DGCA ने शुरू की जांच
घटना के बाद डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि सभी यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है।
क्या होता है एयर टर्बुलेंस?
एयर टर्बुलेंस हवा के प्रवाह में अचानक होने वाला बदलाव होता है, जिसके कारण विमान तेज झटके महसूस करता है। यह स्थिति गरज-चमक वाले बादलों, तेज हवाओं, पहाड़ी क्षेत्रों के ऊपर बनने वाली वायु तरंगों या अलग-अलग दिशाओं से बहने वाली हवाओं के टकराने से पैदा हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार क्लियर एयर टर्बुलेंस (CAT) सबसे खतरनाक माना जाता है क्योंकि यह बिना बादलों और खराब मौसम के साफ आसमान में भी अचानक आ सकता है। इसे सामान्य राडार से पहले पहचानना बेहद मुश्किल होता है। फिलहाल DGCA घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है।