ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 24 June 2026

Air India Flight: दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट रूट से भटकी, पाकिस्तान हवाई क्षेत्र में पहुंची, मच गया हड़कंप

air-india
air-india
डेली संवाद, नई दिल्ली/अमृतसर। Air India Flight Pakistan Airspace Incident: एयर इंडिया की एक यात्री उड़ान सोमवार रात उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्लाइट अपने निर्धारित मार्ग से भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। तकनीकी खराबी के कारण हुई इस घटना के बाद पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक कंट्रोल अथॉरिटी ने विमान को चेतावनी दी, जिसके बाद पायलट ने तुरंत विमान को भारतीय हवाई क्षेत्र की ओर मोड़ दिया। इस पूरी घटना के चलते यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया (Air India) का एयरबस AI-321 विमान सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से अमृतसर के लिए रवाना हुआ था। विमान अपने निर्धारित समय से लगभग तीन मिनट देरी से उड़ा था। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी समस्या आने की बात सामने आई, जिसके कारण यह अपने निर्धारित रूट से भटक गया और पाकिस्तान के एयरस्पेस में प्रवेश कर गया।

पाक की चेतावनी के बाद पता चला

सूत्रों के मुताबिक, विमान के पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंचने की जानकारी तब मिली जब वहां की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की ओर से विमान को चेतावनी संदेश भेजे गए। चेतावनी मिलते ही पायलट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान का मार्ग बदला और यू-टर्न लेकर वापस भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

विमान को रात 10:30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन रास्ता भटकने और वापस लौटने की प्रक्रिया में काफी समय लग गया। जब विमान दोबारा अमृतसर पहुंचा तो एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बढ़ चुका था। ऐसे में विमान को तत्काल लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।

दिल्ली वापस लौटी फ्लाइट

बताया जा रहा है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरपोर्ट अधिकारियों के बीच समन्वय के बाद विमान को वापस दिल्ली लौटने के निर्देश दिए गए। इसके बाद विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा और वहां उसकी लैंडिंग करवाई गई। करीब दो घंटे बाद विमान को फिर से अमृतसर के लिए उड़ान भरने की अनुमति मिली। इसके बाद विमान ने दोबारा उड़ान भरी और सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

यात्रियों को हुई भारी परेशानी

इस पूरी घटना के कारण विमान में सवार यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। जिन यात्रियों को रात 10:30 बजे तक अमृतसर पहुंचना था, वे देर रात अपने गंतव्य तक पहुंचे। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार किसी भी यात्री द्वारा बड़े हंगामे या दुर्व्यवहार की सूचना नहीं मिली और स्थिति पूरी तरह सामान्य रही।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने क्या कहा?

अमृतसर एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, किसी भी विमान की लैंडिंग से पहले ATC की अंतिम अनुमति आवश्यक होती है। कई बार रनवे की उपलब्धता, एयर ट्रैफिक या अन्य तकनीकी कारणों के चलते विमानों को हवा में इंतजार करना पड़ता है। संबंधित मामले में बाद में जानकारी मिली कि तकनीकी कारणों के चलते विमान तत्काल अमृतसर में लैंड नहीं कर सकता था, इसलिए उसे वापस दिल्ली भेजा गया। फिलहाल एयर इंडिया और संबंधित विमानन एजेंसियों द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर तकनीकी खराबी के कारण विमान अपने निर्धारित मार्ग से कैसे भटक गया और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में कैसे पहुंच गया।