ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 02 August 2026

US News: अमेरिका के फास्ट-फूड रेस्तरां में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 3 की मौत, 2 गंभीर घायल

US News: अमेरिका के फास्ट-फूड रेस्तरां में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 3 की मौत, 2 गंभीर घायल

डेली संवाद, वाशिंगटन। US Idaho In-N-Out Burger Shooting: अमेरिका (US) के इडाहो (Idaho) राज्य के ट्विन फॉल्स (Twin Falls) शहर में एक फास्ट-फूड रेस्तरां में हुई अंधाधुंध गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, In-N-Out Burger रेस्तरां में एक बंदूकधारी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया और जांच शुरू कर दी है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रेस्तरां में लोग सामान्य रूप से खाना खा रहे थे, तभी हमलावर ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुनते ही रेस्तरां में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

तीन लोगों की मौत

ट्विन फॉल्स (Twin Falls) शहर के अधिकारी जोश पामर ने बताया कि फिलहाल तीन लोगों की मौत और दो लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों में हमलावर भी शामिल है या नहीं। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और मृतकों व घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही ट्विन फॉल्स पुलिस (Twin Falls Police) विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

युवक को लंबी बंदूक के साथ देखा

इस बीच, स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रेस्तरां के बाहर एक युवक को लंबी बंदूक के साथ देखा गया है। वहीं, दूसरे वीडियो में दर्जनों लोग जान बचाने के लिए रेस्तरां से बाहर भागते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों ने वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी के पीछे की वजह क्या थी और क्या हमलावर ने अकेले इस वारदात को अंजाम दिया या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। घटना के बाद पूरे ट्विन फॉल्स शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।