ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 15 September 2026

Punjab News: अमेरिका में पंजाबी ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमला: 20 से ज्यादा वार, 100 मीटर तक मिले खून के निशान

Punjab News: अमेरिका में पंजाबी ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमला: 20 से ज्यादा वार, 100 मीटर तक मिले खून के निशान

डेली संवाद, जालंधर। Punjab News: अमेरिका (America) में एक पंजाबी ट्रक ड्राइवर पर कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी के बाद चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। हमले में गंभीर रूप से घायल ड्राइवर की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पंजाबी कम्युनिटी से जुड़े पवित्र सिंह के मुताबिक, गुरविंदर सिंह WJ ट्रांसपोर्ट में काम करता था। घटना के समय वह ट्रक रेस्ट एरिया में आराम कर रहा था। बताया गया है कि हमलावर ने पहले उस पर कथित नस्लीय टिप्पणी की और इसके बाद चाकू से हमला कर दिया।

ट्रक से करीब 100 मीटर दूर मिला खून से लथपथ

घटना के बाद सामने आए वीडियो में ट्रक नंबर 11240 रोडसाइड रेस्ट एरिया में खड़ा दिखाई दे रहा है। ट्रक के आसपास और उससे करीब 100 मीटर दूर तक खून के निशान मिलने की बात कही जा रही है।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

पंजाबी समुदाय से जुड़े लोगों के अनुसार, गुरविंदर हमले के बाद खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश कर रहा था। कुछ दूरी पर दूसरे ट्रक के पास वह बेसुध हालत में मिला। आवाज लगाने के बावजूद वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था।

चाकू से 20 से ज्यादा वार किए जाने का दावा

पवित्र सिंह के अनुसार, गुरविंदर सिंह पर चाकू से 20 या उससे ज्यादा वार किए गए। घटनास्थल पर काफी खून बिखरा हुआ था। हालांकि, हमले के दौरान किसी प्रत्यक्षदर्शी के मौजूद होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि संदिग्ध हमलावर गोरा था, लेकिन उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस की ओर से किसी गिरफ्तारी की भी सूचना नहीं दी गई है।

पहले फैली मौत की खबर, बाद में सामने आई सच्चाई

घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर पंजाबी ट्रक ड्राइवर की मौत की खबर फैल गई थी। बाद में कैलिफोर्निया में रहने वाले पंजाबी समुदाय के गुरमीत सिंह ने स्पष्ट किया कि गुरविंदर सिंह की मौत नहीं हुई है। वह गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

पंजाबी समुदाय में गुस्सा

घटना के बाद अमेरिका में रह रहे पंजाबी समुदाय में नाराजगी है। समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि पंजाबियों और सिखों के खिलाफ हेट स्पीच और नस्लीय हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं।

उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं को पर्याप्त मीडिया कवरेज नहीं मिलती। समुदाय के लोगों ने अमेरिकी अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अमेरिका में बड़ी संख्या में सिख ट्रक ड्राइवर

उत्तरी अमेरिकी पंजाबी ट्रकिंग एसोसिएशन के अनुसार, अमेरिका में करीब 1.5 लाख सिख ट्रक ड्राइवर हैं। समुदाय का कहना है कि कई ड्राइवरों को नस्लीय प्रोफाइलिंग और भेदभाव का सामना करना पड़ता है।

ऐसी घटनाओं की शिकायत स्थानीय पुलिस के साथ-साथ FBI की हेट क्राइम रिपोर्टिंग व्यवस्था में भी की जा सकती है। सिख समुदाय से जुड़ी संस्थाएं भी पीड़ितों को कानूनी और अन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम करती हैं।