ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 15 November 2026

Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की साजिश नाकाम, पुलिस ने पकड़े शॉर्पशूटर; मुंबई में वारदात की थी तैयारी

Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की साजिश नाकाम, पुलिस ने पकड़े शॉर्पशूटर; मुंबई में वारदात की थी तैयारी

डेली संवाद, अमृतसर। Amitabh Bachchan: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर 'जलसा' के बाहर फायरिंग करने की कथित साजिश के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो शॉर्पशूटर्स को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन के रहने वाले दीपक सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते थे। आरोप है कि गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन के कथित बयान से नाराज था और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन इस तरह का कोई बयान देने से इनकार कर चुके हैं।

दोनों शूटरों को अलग-अलग वारदात की जिम्मेदारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों को अलग-अलग काम सौंपे गए थे। विकास ठाकुर को दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग करनी थी, जबकि दीपक सिंह को मुंबई में रुककर अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी करनी थी।

पुलिस के मुताबिक, विकास ठाकुर को मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। यहां उसे एक कारोबारी को निशाना बनाकर रंगदारी की मांग करनी थी। इस वारदात में दीपक सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन पुलिस ने वारदात से पहले ही विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुंबई में कार्रवाई करते हुए दीपक को भी पकड़ लिया गया।

Amritsar Influencer Mad Sandhu Murder.jpg

मैड संधू हत्याकांड में भी वांटेड था दीपक सिंह

तरनतारन निवासी दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांटेड था। इस हत्याकांड में दीपक के साथ शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दीपक को मुंबई में ज्यादा समय तक रुकने के लिए कहा गया था।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

आरोप है कि उसे अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर फायरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टर की अमिताभ बच्चन से नाराजगी 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर उनके कथित बयान से जुड़ी थी।

1984 के दंगों से जुड़ा है कथित विवाद

कुछ सिख संगठनों और 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था।

शिकायतकर्ताओं का दावा था कि उन्होंने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर 'खून का बदला खून' और 'खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए' जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो सार्वजनिक नहीं हुआ है। अमिताभ बच्चन इन आरोपों का खंडन कर चुके हैं।

2014 में अमेरिकी अदालत से आया था समन

अक्टूबर 2014 में सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) ने लॉस एंजिल्स की एक संघीय अदालत में अमिताभ बच्चन के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। यह मामला 1984 के दंगों से जुड़े कथित बयान को लेकर था।

अमिताभ बच्चन ने कानूनी रूप से इन आरोपों का खंडन किया था। भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने 1984 के दंगों के मामले में उन्हें आरोपी नहीं बनाया और न ही उनके खिलाफ कोई सबूत सामने आया।

अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी भी मिली थी

अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल भी सामने आ चुके हैं। 6 नवंबर को इस संबंध में एक ईमेल मिला था। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। इस ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने के अलावा पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।

ईमेल में दावा किया गया था कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उन पर हमला किया जाएगा। धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने बीएमसी मुख्यालय में तलाशी अभियान चलाया था। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों सहित कई स्थानों की जांच की गई थी।

टाइगर श्रॉफ की कार पर भी हुई थी फायरिंग

मुंबई में 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर भी फायरिंग की घटना हुई थी। बताया गया था कि टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद जुहू इलाके से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। इस घटना में टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी थी, लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए थे।

इस मामले में पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल दिल्ली और मुंबई पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेश में बैठे गैंगस्टर के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है तथा अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की कथित साजिश को कैसे अंजाम दिया जाना था।