Wednesday, 09 September 2026
दुनिया
Ammy Virk: कनाडा में पंजाबी सिंगर एमी विर्क के काफिले पर फायरिंग, शो से लौटते समय चलीं कई गोलियां; हमले के बाद SUV में लगी आग
डेली संवाद, कनाडा। Ammy Virk Canada Abbotsford Shooting: कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क के शो के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। देर रात एक चलती गाड़ी को निशाना बनाकर कई गोलियां चलाई गईं। पुलिस के मुताबिक घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और शुरुआती जांच में इसे टारगेटेड शूटिंग माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस काफिले की गाड़ी को निशाना बनाया गया, उसमें एमी विर्क (Ammy Virk Punjabi Singer) के मौजूद होने की बात सामने आई है। हालांकि, एबॉट्सफोर्ड पुलिस (Abbotsford Police) ने गाड़ी में सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस ने बताया कि निजता और जांच के कारण फिलहाल इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
शो खत्म कर लौट रहे थे, तभी चलीं गोलियां
पुलिस के अनुसार, शनिवार 5 सितंबर 2026 की रात करीब 11 बजे एबॉट्सफोर्ड के 2500 ब्लॉक मैक्कलम रोड पर एक वाहन को दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने निशाना बनाया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमलावर एक गहरे रंग की SUV में सवार थे और उन्होंने चलती गाड़ी पर कई गोलियां चलाईं। घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: पंजाब में रात 10 बजे बाद DJ बंद, रेस्टोरेंट-क्लब के लिए नए नियम लागू; पढ़ें नए नियम
बताया जा रहा है कि इससे कुछ समय पहले एमी विर्क (Ammy Virk) ने एबॉट्सफोर्ड के Rogers Forum में कार्यक्रम किया था और उसके बाद उनका काफिला वहां से निकला था। स्थानीय रिपोर्टों में फायरिंग वाली गाड़ी को एमी विर्क के काफिले से जोड़कर देखा गया है।

कुछ किलोमीटर दूर जली मिली SUV
फायरिंग की घटना के कुछ समय बाद पुलिस को Sunnyside Place के 2400 ब्लॉक में एक SUV पूरी तरह आग की लपटों में घिरी मिली। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह SUV फायरिंग की घटना से जुड़ी हुई थी। अभी तक पुलिस ने दोनों घटनाओं के बीच संबंध की अंतिम पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने बताया टारगेटेड हमला
एबॉट्सफोर्ड पुलिस की Major Crime Unit ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। पुलिस के अनुसार शुरुआती संकेत बताते हैं कि यह घटना टारगेटेड थी। हालांकि, हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है और किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने 5 सितंबर की रात मैक्कलम रोड या Sunnyside Place के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि देखी हो या डैशकैम फुटेज रिकॉर्ड की हो, तो जांच में मदद के लिए पुलिस से संपर्क करे।