ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 13 November 2026

Amritpal Singh News: अमृतपाल सिंह को कोर्ट से राहत, दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली 1 दिन की अंतरिम जमानत

Amritpal Singh News: अमृतपाल सिंह को कोर्ट से राहत, दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली 1 दिन की अंतरिम जमानत

डेली संवाद, नई दिल्ली। Amritpal Singh Interim Bail: असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को बड़ी राहत मिली है। अमृतसर की अदालत ने उन्हें अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की है। अदालत के आदेश के बाद अमृतपाल सिंह कल पंजाब आएंगे।

अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था। इसके बाद परिवार ने उनकी अंतिम रस्मों में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह को जेल से अस्थायी रिहाई देने की मांग की थी। इस संबंध में अमृतसर कोर्ट में याचिका दायर की गई थी।

परिवार की ओर से 14 से 17 नवंबर तक चार दिन की अंतरिम जमानत मांगी गई थी, लेकिन अदालत ने केवल एक दिन की राहत दी है। अमृतपाल सिंह के वकील कर्मवीर सिंह ने अंतरिम जमानत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अमृतपाल के कुछ अन्य रिश्तेदारों को भी अंतरिम जमानत दी गई है।

परिवार ने अमृतपाल के आने तक टाला था अंतिम संस्कार

माता चरण कौर के निधन के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी थी। परिवार की मांग थी कि जब तक अमृतपाल सिंह को अंतरिम जमानत नहीं मिलती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

परिवार का कहना था कि अमृतपाल सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार और पारिवारिक धार्मिक रस्मों में शामिल होना चाहते हैं। इसे परिवार ने उनका पारिवारिक और मानवीय अधिकार बताया था।

सांसद अमृतपाल सिंह की दादी, जिनका अंतिम संस्कार 14 नवंबर को किया जाएगा। फाइल फोटो
सांसद अमृतपाल सिंह की दादी, जिनका अंतिम संस्कार 14 नवंबर को किया जाएगा। फाइल फोटो

दादी से बातचीत के लिए कोर्ट ने दी थी 10 मिनट की वीडियो कॉल की अनुमति

दादी माता चरण कौर की तबीयत ज्यादा खराब होने के दौरान भी अमृतपाल सिंह से उनकी बातचीत करवाने की मांग उठी थी। इस संबंध में अदालत से वीडियो कॉल की अनुमति मांगी गई थी।

अदालत ने अमृतपाल सिंह को अपनी दादी से 10 मिनट की वीडियो कॉल पर बात करने की अनुमति दी थी। हालांकि, उनके वकीलों ने आरोप लगाया था कि प्रशासन की ओर से समय पर वीडियो कॉल की व्यवस्था नहीं की गई।

2027 में विधानसभा चुनाव लड़ने की भी चर्चा

सांसद अमृतपाल सिंह को लेकर पंजाब की राजनीति में भी चर्चाएं तेज हैं। वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में उनके चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

चर्चा है कि अमृतपाल सिंह दो विधानसभा सीटों से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। इनमें खडूर साहिब और धूरी सीट के नाम सामने आ रहे हैं। धूरी मुख्यमंत्री भगवंत मान का विधानसभा क्षेत्र है।

हालांकि, दो सीटों से चुनाव लड़ने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली एक दिन की अंतरिम जमानत पंजाब की राजनीति और उनके समर्थकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।