Friday, 28 August 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में नशा-हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़; 6 गिरफ्तार, 3 किलो हेरोइन और पिस्तौल बरामद
डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों में हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.920 किलोग्राम हेरोइन और 8 हाई-एंड पिस्टल बरामद की गई हैं।
पंजाब में पहुंचाई जाती खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी में शामिल थे। जांच के मुताबिक, ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप पंजाब में पहुंचाई जाती थी, जिसके बाद इसे आपराधिक तत्वों तक आगे सप्लाई किया जाता था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है। जांच एजेंसियां आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का पता लगाने के साथ-साथ इस सीमा पार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
अलग-अलग FIR दर्ज
इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर थाने में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस की ओर से आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि सीमा पार से होने वाली तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही है।