Thursday, 01 October 2026
पंजाब
Amritsar News: नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 4 अवैध डबल स्टोरी दुकानें सील, अवैध PG का निर्माण भी रुकवाया
डेली संवाद, अमृतसर। Amritsar News: अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की टीम ने निक्का सिंह कॉलोनी में बिना बिल्डिंग प्लान मंजूरी के बनाई जा रही 4 डबल स्टोरी दुकानों को सील कर दिया। ये निर्माण स्वीकृत रिहायशी TP स्कीम में किया जा रहा था।
अमृतसर में नगर निगम के कमिश्नर के आदेश के बाद बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम के एटीपी सुखदेव वशिष्ठ, इंस्पैक्टर सुखविंदर सिंह और मंगत सिंह की टीम ये कार्रवाई की।
इसके अलावा मोहिनी पार्क के नजदीक 15-A के साथ लगते इलाके में बन रहे कथित अवैध PG के निर्माण पर भी कार्रवाई की गई है। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया और संबंधित व्यक्ति को शो-कॉज नोटिस जारी किया है।

बिना नक्शा मंजूर कराए बनाई जा रही थीं दुकानें
निगम की कार्रवाई के दौरान निक्का सिंह कॉलोनी में 4 डबल स्टोरी दुकानों का निर्माण पाया गया। अधिकारियों के अनुसार इन दुकानों के लिए निर्धारित बिल्डिंग प्लान की मंजूरी नहीं ली गई थी।
चूंकि संबंधित क्षेत्र स्वीकृत रिहायशी TP स्कीम में आता है, इसलिए यहां नियमों के विपरीत व्यावसायिक निर्माण को लेकर निगम ने कार्रवाई करते हुए चारों दुकानों को सील कर दिया।
5 मंजिला PG का निर्माण रुकवाया
नगर निगम की टीम ने 15-A के साथ लगते मोहिनी पार्क क्षेत्र में भी एक निर्माणाधीन PG के खिलाफ कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार करीब 2,500 वर्ग फुट क्षेत्र में पांच मंजिल तक निर्माण पहले ही किया जा चुका था।
इसके अलावा लगभग 2,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फाउंडेशन का काम भी चल रहा था। निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
बाइलॉज के उल्लंघन पर शो-कॉज नोटिस
निगम अधिकारियों के मुताबिक निर्माण कार्य में निर्धारित बिल्डिंग बाइलॉज का उल्लंघन पाया गया है। इसके चलते संबंधित व्यक्ति को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।

निगम अब निर्माण से जुड़े दस्तावेजों और स्वीकृत नक्शे समेत अन्य रिकॉर्ड की जांच करेगा। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष और नियमों के अनुसार की जाएगी।
अवैध निर्माण पर निगम की सख्ती
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना मंजूरी और निर्धारित नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक रिहायशी इलाकों में नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण पर भी नजर रखी जा रही है।
फिलहाल निक्का सिंह कॉलोनी में चार दुकानों को सील कर दिया गया है, जबकि मोहिनी पार्क के पास निर्माणाधीन PG का काम रुकवाकर नोटिस जारी किया गया है।