Tuesday, 11 August 2026
हरियाणा
Haryana News: ऊर्जा मंत्री अनिल विज से सकारात्मक बातचीत के बाद बिजली कर्मचारियों ने टाली तीन दिवसीय हड़ताल
डेली संवाद, हरियाणा। Haryana News: ऊर्जा मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में बिजली कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई सकारात्मक बैठक के बाद 11 से 13 अगस्त तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल वापस ले ली गई है। कर्मचारियों के इस फैसले से बिजली व्यवस्था पर पड़ने वाला संभावित असर फिलहाल टल गया है।
बैठक के दौरान बिजली कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और विभाग से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें एग्री डिस्कॉम, समानांतर निजी बिजली कंपनी को लाइसेंस देने, स्मार्ट मीटर, पदों के पुनर्गठन, कर्मचारियों के वेतन, रिस्क भत्ते और पदोन्नति समेत अन्य मांगें शामिल रहीं।
सकारात्मक आश्वासन दिया
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कर्मचारी प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के बाद कर्मचारी यूनियनों ने प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। इससे बिजली विभाग के कर्मचारियों और सरकार के बीच जारी गतिरोध को फिलहाल विराम मिला है।