Sunday, 23 August 2026
राजनीति
Jalandhar News: महिला कांग्रेस जालंधर शहरी की नई अध्यक्ष अनुराधा बांगा ने ग्रहण किया पदभार, महिला सशक्तिकरण और संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: ऑल इंडिया महिला कांग्रेस के नेतृत्व में जालंधर कांग्रेस भवन में महिला कांग्रेस जालंधर शहरी का ताजपोशी एवं पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अनुराधा बांगा ने औपचारिक रूप से महिला कांग्रेस जालंधर शहरी की अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला।
कार्यक्रम में पंजाब महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बलजीत कौर और उपाध्यक्ष विद्या गिल विशेष रूप से मौजूद रहीं। समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अनुराधा बांगा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं को आगे लाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंजाब महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बलजीत कौर ने कहा कि महिलाएं समाज और राजनीति की मजबूत नींव हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अनुराधा बांगा के नेतृत्व में जालंधर शहर में महिला कांग्रेस का संगठन जमीनी स्तर पर और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और उनके अधिकारों की आवाज को बुलंद करने के लिए संगठन लगातार काम करेगा।
पार्टी नेतृत्व का आभार
पदभार संभालने के बाद अनुराधा बांगा ने पार्टी हाईकमान और वरिष्ठ कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी ईमानदारी और तनदेही के साथ निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से जागरूक करना, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ना और कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें पद्मश्री एवं विधायक परगट सिंह, जालंधर कैंट, विधायक बावा हैनरी, जालंधर नॉर्थ, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष राजिंदर बेरी, पूर्व डिप्टी मेयर सुरिंदर कौर, डॉ. जसलीन सेठी, उमा बेरी, डॉली सैनी, परवीना मनु, विधायक सुखविंदर सिंह कोटली, पार्षद बंटी नीलकंठ, बलराज ठाकुर, पवन कुमार, रविश राज, अश्विनी कुमार जंगराल, मनमोहन बांगा और नलिन शर्मा सहित कई नेता मौजूद रहे।
सभी नेताओं ने अनुराधा बांगा को बधाई दी और उनका मुंह मीठा करवाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद किया गया। वंदना मेहता ने मंच सचिव की भूमिका निभाई।