ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 03 October 2026

Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम के गोल्ड जीतने पर नितिन कोहली ने दी बधाई, बोले- 44 साल बाद रचा इतिहास

Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम के गोल्ड जीतने पर नितिन कोहली ने दी बधाई, बोले- 44 साल बाद रचा इतिहास

डेली संवाद, जालंधर। Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद एशियन गेम्स में महिला हॉकी का गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट, हॉकी पंजाब के प्रेसिडेंट और आम आदमी पार्टी जालंधर सेंट्रल के हलका इंचार्ज नितिन कोहली ने भारतीय महिला हॉकी टीम को हार्दिक बधाई दी।

भारतीय महिला हॉकी टीम को दी बधाई

नितिन कोहली ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि 44 साल बाद एशियन गेम्स में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक जीतना खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

उन्होंने पूरी टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

लालरेमसियामी के गोल ने दिलाई भारत को बढ़त

फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से लालरेमसियामी ने 10वें मिनट में शानदार गोल किया। यही गोल मैच का निर्णायक गोल साबित हुआ और भारत ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। यह लालरेमसियामी का भारत के लिए 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी था।

चीन ने मुकाबले में बराबरी की लगातार कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उसकी कोशिशों को नाकाम किया। गोलकीपर सविता पुनिया ने भी अहम भूमिका निभाई और पेनल्टी स्ट्रोक का शानदार बचाव कर भारत की बढ़त कायम रखी।

44 साल बाद भारत ने जीत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने इससे पहले एशियन गेम्स में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक 1982 में जीता था। इसके बाद टीम ने 1998 और 2018 में फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन दोनों मौकों पर उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 2026 में चीन को हराकर भारत ने 44 साल का इंतजार खत्म किया।

नितिन कोहली ने इस जीत को भारतीय महिला हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केवल एक स्वर्ण पदक नहीं, बल्कि भारतीय महिला हॉकी की ऐतिहासिक वापसी है।

भारत ने किया क्वालिफाई

एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है। एशियन गेम्स चैंपियन बनने के कारण भारत को ओलंपिक का सीधा टिकट मिला है।

नितिन कोहली ने कहा कि यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में भारतीय हॉकी को और मजबूती देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय महिला हॉकी टीम की यह सफलता देश की युवा बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगी।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

उन्होंने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया है कि उचित अवसर, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ भारतीय बेटियां दुनिया के बड़े खेल मंचों पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

युवा खिलाड़ियों को मिलेगी प्रेरणा

नितिन कोहली ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की यह ऐतिहासिक जीत देश में हॉकी को और लोकप्रिय बनाने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि इस सफलता से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी हॉकी को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित हो सकती हैं।

उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम, कप्तान, कोचिंग स्टाफ और पूरी सपोर्ट टीम को एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए सफलता की कामना की।