ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 19 August 2026

Azam Khan ED Raid: आजम खान पर ED का शिकंजा, जौहर यूनिवर्सिटी समेत कई ठिकानों पर छापेमारी

Azam Khan ED Raid: आजम खान पर ED का शिकंजा, जौहर यूनिवर्सिटी समेत कई ठिकानों पर छापेमारी

डेली संवाद, रामपुर। Azam Khan ED Raid: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आयकर विभाग की जांच के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी आजम खान और उनके करीबियों के ठिकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

बुधवार सुबह करीब 7 बजे ईडी की टीम ने रामपुर में जेल रोड स्थित आजम खान के आवास, जौहर विश्वविद्यालय और उनके कुछ करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई जौहर ट्रस्ट और विश्वविद्यालय के निर्माण में खर्च की गई बड़ी रकम के स्रोत और वित्तीय लेनदेन की जांच से जुड़ी हो सकती है।

आयकर विभाग को विश्वविद्यालय के निर्माण में खर्च हुई अरबों रुपये की रकम का पूरा ब्योरा नहीं मिल पाने और इसमें कथित तौर पर काले धन के इस्तेमाल की आशंका के चलते जांच आगे बढ़ने की बात सामने आई है।

प्रशासन से मांगा था मुकदमों का ब्योरा

ईडी ने जुलाई में रामपुर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों का विवरण मांगा था। इसके बाद से ही संभावना जताई जा रही थी कि केंद्रीय जांच एजेंसी रामपुर में कार्रवाई कर सकती है।

इसी क्रम में बुधवार सुबह ईडी की टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं और दस्तावेजों तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की।

जौहर ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी के फंड पर जांच

जांच का एक प्रमुख पहलू जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े वित्तीय लेनदेन बताए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय के निर्माण और अन्य गतिविधियों में खर्च हुई बड़ी रकम के स्रोत को लेकर जांच एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं।

हालांकि, छापेमारी के दौरान ईडी को क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दो पैन कार्ड मामले में जेल में हैं आजम खान

आजम खान वर्तमान में दो पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में 10 वर्ष की सजा काट रहे हैं। उनके खिलाफ पहले से कई कानूनी मामले दर्ज हैं। अब ईडी की कार्रवाई के बाद उनके खिलाफ वित्तीय जांच का दायरा भी बढ़ता नजर आ रहा है।

ईडी की छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।