ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 06 November 2026

Punjab News: पंजाब में खूनी वारदात, पेशी भुगतने जा रहे युवक का कार से पीछा कर मर्डर

Punjab News: पंजाब में खूनी वारदात, पेशी भुगतने जा रहे युवक का कार से पीछा कर मर्डर

डेली संवाद, बठिंडा। Punjab News: पंजाब के बठिंडा-सिरसा बॉर्डर पर स्थित गांव पथराला में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले कार से युवक का पीछा किया और फिर रास्ते में घेरकर उसे खेतों की तरफ दौड़ाया। वहां कुल्हाड़ी और अन्य तेजधार हथियारों से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान हरियाणा के सिरसा जिले के गांव मसीतां (डबवाली) निवासी कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। वह तलवंडी साबो कोर्ट में पेशी भुगतने जा रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे करीब डेढ़ साल पुरानी रंजिश सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि गुरसेवक सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए कुलदीप को निशाना बनाया गया।

कार से पीछा कर युवक को खेतों में घेरा

पुलिस के मुताबिक, कुलदीप सिंह अपनी ऑल्टो कार (HR 94 2706) में गांव मसीतां से बठिंडा की तरफ जा रहा था। उसके साथ एक अन्य साथी भी मौजूद था। जब वे बठिंडा-डबवाली रोड पर गांव पथराला के पास पहुंचे तो एक अन्य कार में सवार तीन लोगों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर आरोपियों ने उनकी कार रुकवा ली।

इसके बाद कुलदीप अपनी जान बचाने के लिए कार से उतरकर गांव पथराला निवासी गुरदीप सिंह के खेतों की तरफ भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। खेतों में आरोपियों ने उसे घेर लिया और कुल्हाड़ी समेत अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। उसके सिर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में पुलिस को खेतों में उसका शव बरामद हुआ।

डेढ़ साल पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

थाना संगत के एसएचओ इंस्पेक्टर हरबंस सिंह के अनुसार, पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल पहले कुलदीप सिंह ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर गांव मसीतां के गुरसेवक सिंह की हत्या की थी।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

इस मामले में कुलदीप जेल भी गया था और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था। पुलिस को आशंका है कि गुरसेवक सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष के लोगों ने कुलदीप की हत्या की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक और पुरानी रंजिश चली आ रही थी। दोनों पक्षों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हुए थे। इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच की जा रही है।

युवती समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

थाना संगत पुलिस ने इस मामले में एक युवती समेत छह लोगों को नामजद किया है। इनके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

नामजद आरोपियों की पहचान हर्ष सिंह निवासी गांव मसीतां (डबवाली), सचिन बिश्नोई निवासी ऐलनाबाद, सुखबीर सिंह निवासी डबवाली, वीरदविंदर सिंह उर्फ गोरी निवासी डबवाली, सर्बजीत सिंह निवासी डबवाली और सत्ती कौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, CIA की टीमें भी सक्रिय

डीएसपी ग्रामीण परमिंदर सिंह ने बताया कि गांव पथराला के खेतों में युवक की हत्या की सूचना मिलते ही चौकी पथराला और थाना संगत की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि युवक की तेजधार हथियारों से हत्या की गई है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए। डीएसपी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए CIA तथा थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।

मारपीट और हत्या समेत कई मामले थे दर्ज

पुलिस के अनुसार, मृतक कुलदीप सिंह के खिलाफ पहले भी हत्या और मारपीट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह गुरसेवक सिंह हत्याकांड में जेल में बंद था और कुछ समय पहले जमानत पर बाहर आया था। शुक्रवार को वह अपने खिलाफ चल रहे मारपीट के एक मामले में पेशी भुगतने के लिए तलवंडी साबो कोर्ट जा रहा था।

इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने उसका पीछा कर उसे खेतों में घेर लिया और हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव पथराला और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।