Sunday, 29 November 2026
पंजाब
Punjab News: CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, 1 दिसंबर को महिलाओं के खातों में आएगी सम्मान राशि की किस्त
डेली संवाद, चंडीगढ़/लुधियाना। Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि राज्य की जनता पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए एक बार फिर आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार चुनेगी। मुख्यमंत्री ने रविवार को विधानसभा हलका दाखा के गांव हांस कलां में आयोजित 'लोक मिलनी' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने महिलाओं के लिए चल रही 'मावां-धीयां सत्कार योजना' को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि योजना की अगली किस्त 1 दिसंबर को राज्य स्तरीय समारोह के दौरान लाभार्थी महिलाओं को दी जाएगी। इसके बाद महिलाओं के मोबाइल फोन पर सम्मान राशि जमा होने का नोटिफिकेशन भी पहुंचेगा।
1 दिसंबर को महिलाओं के मोबाइल पर आएगा मैसेज
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। 'मावां-धीयां सत्कार योजना' के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता जारी रहेगी। उन्होंने घोषणा की कि अगली किस्त 1 दिसंबर को जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के विकास पर सरकार का फोकस
लोक मिलनी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य ध्यान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, किसानों को दिन के समय बिजली, नहरी पानी और गांवों के विकास पर केंद्रित है।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब में लगभग 1,200 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को मुफ्त दवाइयां और जांच की सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत भी हजारों लोगों को मुफ्त इलाज का लाभ मिला है।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों को फिनलैंड, सिंगापुर और IIM जैसे संस्थानों में प्रशिक्षण के लिए भेज रही है। इसके अलावा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए गए हैं।
पंजाब में नहरी पानी का इस्तेमाल 22 से बढ़कर 85 प्रतिशत हुआ: मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में पंजाब में नहरी पानी के इस्तेमाल में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में नहरी पानी का उपयोग लगभग 22 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर करीब 85 प्रतिशत हो गया है।
उन्होंने बताया कि खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए लगभग 14,000 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइनें बिछाई गई हैं। इससे किसानों की भूजल पर निर्भरता कम करने और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिली है।
अकाली दल और भाजपा गठबंधन पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल ने किसानों के हितों की अनदेखी करते हुए भाजपा के साथ गठबंधन किया है।
मान ने कहा कि भाजपा जिन क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन करती है, उन्हें धीरे-धीरे कमजोर कर देती है। उन्होंने बिहार, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए अकाली दल को भी आगाह किया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अकाली दल ने 25 वर्षों तक पंजाब के लोगों को गुमराह किया और अपने शासनकाल में जनता के मुद्दों की अनदेखी की।
कांग्रेस पर भी मुख्यमंत्री ने साधा निशाना
भगवंत मान ने कांग्रेस पर आंतरिक गुटबाजी में उलझे रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों को जनता के मुद्दों और विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में पंजाब के लोगों ने बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी को जनादेश दिया था। उनकी सरकार का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ठोस काम करना है।
हलवारा एयरपोर्ट का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने की मांग
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर हलवारा हवाई अड्डे का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक मिलनी में पहुंचे लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए लगातार काम करती रहेगी।