ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 28 November 2026

Bisleri Water Coliform Bacteria: बिसलेरी के पानी में मिला बैक्टीरिया, FSSAI ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने को दी मंजूरी; बिक्री पर रोक

Bisleri Water Coliform Bacteria: बिसलेरी के पानी में मिला बैक्टीरिया, FSSAI ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने को दी मंजूरी; बिक्री पर रोक

डेली संवाद, नई दिल्ली। Bisleri Water Coliform Bacteria: देश के लोकप्रिय पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।

FSSAI की प्राथमिक और रेफरल दोनों प्रयोगशालाओं में जांच के दौरान पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए गए। ये बैक्टीरिया आमतौर पर सीवेज के पानी या दूषित पाइपलाइन के जरिए पीने के पानी में पहुंच सकते हैं। इस मामले के सामने आने के बाद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 पर लगी बिक्री की रोक

FSSAI ने जलपाईगुड़ी स्थित बिसलेरी प्लांट से बैच नंबर PB 201 का सैंपल जांच के लिए लिया था। इस बैच का उत्पादन 20 जुलाई 2026 को किया गया था, जबकि इसकी एक्सपायरी डेट 19 जनवरी 2027 निर्धारित थी।

दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की पुष्टि होने के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

हालांकि, यह कार्रवाई बिसलेरी के केवल एक बैच (PB 201) पर की गई है। इसे कंपनी के सभी उत्पादों पर प्रतिबंध के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

पहले गोवा में भी सामने आया था पानी की गुणवत्ता का मामला

बिसलेरी के पानी को लेकर इससे पहले गोवा में भी गुणवत्ता संबंधी मामला सामने आया था। वहां पानी के सैंपल में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) पाए जाने की जानकारी सामने आई थी। इन रसायनों को लेकर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं जताई जाती हैं। उस मामले में भी कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी गई थी।

देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की जांच कर रहा FSSAI

FSSAI के CEO राजित पुनहानी के मुताबिक, देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं। इनकी जांच अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य पानी बनाने वाली कंपनियों से खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है, न कि आम लोगों में डर फैलाना।

इसके लिए FSSAI ने सभी राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर की जांच तेज करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बिसलेरी ने कहा- जांच में पूरा सहयोग करेंगे

वहीं, बिसलेरी कंपनी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है। कंपनी का कहना है कि वह FSSAI की जांच में पूरा सहयोग करेगी।

कंपनी के अनुसार, पानी को तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान 10 चरणों में 90 से अधिक बार गुणवत्ता की जांच की जाती है। बिसलेरी ने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित पानी उपलब्ध कराना उसकी पहली प्राथमिकता है।

फिलहाल इस मामले में FSSAI की कार्रवाई के बाद बिसलेरी के संबंधित बैच की बिक्री पर रोक जारी है। उपभोक्ताओं के लिए यह जानना जरूरी है कि कार्रवाई विशेष रूप से बैच नंबर PB 201 पर हुई है, न कि कंपनी के सभी उत्पादों पर।