ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 03 November 2026

Nagar Kirtan: नगर कीर्तन में फायरिंग और चाकूबाजी से मचा हड़कंप, 2 लोग घायल; एक आरोपी गिरफ्तार

Nagar Kirtan: नगर कीर्तन में फायरिंग और चाकूबाजी से मचा हड़कंप, 2 लोग घायल; एक आरोपी गिरफ्तार

डेली संवाद, कैलिफोर्निया (अमेरिका)। Nagar Kirtan: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सटर काउंटी में आयोजित 47वें वार्षिक नगर कीर्तन और मेले के दौरान हिंसा की दो घटनाएं सामने आई हैं। शनिवार को पार्किंग में फायरिंग हुई, जबकि रविवार को नगर कीर्तन के समापन के दौरान चाकूबाजी की वारदात हुई। चाकूबाजी में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में सैक्रामेंटो निवासी 28 वर्षीय दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है।

सटर काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। नगर कीर्तन में युबा सिटी और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और लोग शामिल हुए थे।

नगर कीर्तन की पार्किंग में हुई फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को तिएरा बुएना रोड स्थित पार्किंग क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध की पहचान की है। राहत की बात यह रही कि फायरिंग की इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। जांचकर्ता घटनास्थल से सबूत जुटा रहे हैं और अन्य सुरागों की पड़ताल कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

वहीं, रविवार को नगर कीर्तन के समापन के दौरान चाकूबाजी की घटना ने माहौल तनावपूर्ण कर दिया। इस वारदात में दो लोग घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज यूसी डेविस मेडिकल सेंटर में चल रहा है।

28 वर्षीय दविंदर सिंह गिरफ्तार

पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में सैक्रामेंटो निवासी 28 वर्षीय दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ घातक हथियार से हमला करने और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी को सटर काउंटी जेल में रखा गया है।

गुरुद्वारा प्रबंधन के साथ मिलकर जांच कर रही पुलिस

सटर काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, दोनों घटनाओं की जांच अलग-अलग पहलुओं से की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शनिवार की फायरिंग और रविवार की चाकूबाजी के बीच कोई संबंध है या नहीं।

जांचकर्ता सिख गुरुद्वारे के प्रबंधन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामले में बुधवार को और जानकारी जारी करने की बात कही है। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही दोनों घटनाओं की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।