ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 28 September 2026

Canada News: कनाडा में 29 वर्षीय पंजाबी युवक की हत्या, विदेशी महिला गिरफ्तार; बहन ने बताया पूरा घटनाक्रम

Canada News: कनाडा में 29 वर्षीय पंजाबी युवक की हत्या, विदेशी महिला गिरफ्तार; बहन ने बताया पूरा घटनाक्रम

डेली संवाद, जालंधर। Canada News: कनाडा (Canada) के मिसिसॉगा में 29 वर्षीय पंजाबी युवक जगजीत सिंह संधू की चाकू से हमला किए जाने के बाद मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, जगजीत एक भारतीय युवक को कथित नस्ली टिप्पणियों से बचाने के लिए बीच-बचाव कर रहे थे।

इसी दौरान एक महिला ने उनकी गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जगजीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 42 वर्षीय लोरेना सांचेज को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

6 सितंबर को हुआ था हमला

जगजीत की बहन जसप्रीत कौर के मुताबिक, घटना 6 सितंबर को मिसिसॉगा के डंडास स्ट्रीट ईस्ट स्थित एक शेल्टर के बाहर हुई। उनका आरोप है कि शेल्टर में रहने वाली एक महिला के बॉयफ्रेंड ने एक भारतीय युवक को घेर रखा था और कथित तौर पर उस पर नस्ली टिप्पणियां की जा रही थीं।

जसप्रीत के अनुसार, जगजीत ने बीच-बचाव करते हुए भारतीय युवक को वहां से छुड़ाया। इसी दौरान उनकी आरोपी महिला के बॉयफ्रेंड से बहस हो गई।

गर्दन पर चाकू से किया हमला

परिवार का आरोप है कि बहस के दौरान महिला ने पीछे से जगजीत की गर्दन के दाहिने हिस्से पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद जगजीत को अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

परिवार के मुताबिक, गर्दन की महत्वपूर्ण नसों में चोट लगने के कारण उनके मस्तिष्क तक ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित हुई। कई दिनों तक इलाज के बाद 10 सितंबर को उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

आरोपी महिला गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी महिला मौके से चली गई थी। पुलिस ने बाद में लोरेना सांचेज (42) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ सेकेंड डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है। मामले की कानूनी प्रक्रिया कनाडा में जारी है।

परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

जगजीत की बहन जसप्रीत कौर ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना के बाद कई दिनों तक परिवार से पुलिस ने संपर्क नहीं किया और फोन करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं मिली।

जसप्रीत का यह भी कहना है कि परिवार को आरोपी की कोर्ट पेशी की जानकारी समय पर नहीं दी गई। उनके मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने पहले फर्स्ट डिग्री मर्डर के मामले की बात कही थी, लेकिन बाद में परिवार को सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि आरोपी पर सेकेंड डिग्री मर्डर का चार्ज लगाया गया है।

बहन ने पंजाबी और भारतीय समुदाय से की अपील

जसप्रीत कौर ने एक वीडियो जारी कर घटना को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने पंजाबी और भारतीय समुदाय से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि परिवार के साथ जो हुआ है, ऐसा किसी और परिवार के साथ न हो। उन्होंने मामले में न्याय और सुरक्षित माहौल की मांग की है।