ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 04 August 2026

Canada News: कनाडा के गुरुद्वारे में बैठक के दौरान जमकर हंगामा, गोलक के हिसाब पर दो गुटों में झड़प, प्रधान ने मेंबर को मारा थप्पड़

Canada News: कनाडा के गुरुद्वारे में बैठक के दौरान जमकर हंगामा, गोलक के हिसाब पर दो गुटों में झड़प, प्रधान ने मेंबर को मारा थप्पड़

डेली संवाद, कनाडा। Canada News: कनाडा (Canada) के गुरुद्वारे में गोलक को लेकर 2 गुटों के भिड़ने की खबर सामने आ रही है। इस दौरान हाथापाई हुई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कनाडा (Canada) के मॉन्ट्रियल स्थित लसाल गुरुद्वारा साहिब में प्रबंधन कमेटी की बैठक के दौरान गोलक के हिसाब-किताब को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो गुट आमने-सामने आ गए। बहस के बीच हाथापाई हुई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान गुरुद्वारे की गोलक से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड और मर्यादा के पालन को लेकर सवाल उठाए गए। इसी दौरान कमेटी के प्रधान सुरजीत सिंह और सदस्य मेहर सिंह के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि सवाल उठने के बाद प्रधान अपनी सीट से उठकर मेहर सिंह की ओर बढ़ते हैं। दूसरी ओर मेहर सिंह भी खड़े हो जाते हैं। कुछ ही क्षणों में दोनों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो जाती है। वहां मौजूद अन्य सदस्य दोनों को अलग करने की कोशिश करते हैं, लेकिन माहौल लगातार तनावपूर्ण बना रहता है।

कोई गंभीर घटना नहीं

विवाद के दौरान प्रधान सुरजीत सिंह ने कथित तौर पर दरवाजे के पास रखा बरछा (भाला) उठा लिया और उसे मेहर सिंह की ओर तान दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उन्हें रोक लिया, जिससे कोई गंभीर घटना नहीं हुई।

करीब 10 मिनट तक चले हंगामे के बाद अन्य सदस्यों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और बैठक समाप्त कर दी गई। घटना के बाद संगत के कुछ सदस्यों ने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ एक कथित ऑडियो क्लिप भी साझा की गई है, जिसमें प्रधान सुरजीत सिंह पर कुछ आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन ऑडियो दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।