ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 15 November 2026

Canada News: कनाडा में पंजाबी युवक की करतूत: घर में घुसकर चुराई गाड़ी, पुलिस ने 6 आरोपों में किया गिरफ्तार

Canada News: कनाडा में पंजाबी युवक की करतूत: घर में घुसकर चुराई गाड़ी, पुलिस ने 6 आरोपों में किया गिरफ्तार

डेली संवाद, जालंधर। Canada News: कनाडा के सरे में घर में घुसकर वाहन चोरी करने के मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय पंजाबी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शेरे प्रताप सिंह खुंदल के रूप में हुई है।

पुलिस ने जांच के बाद उसके खिलाफ छह आपराधिक आरोपों को मंजूरी दी है। आरोपी पर घर में अवैध रूप से दाखिल होने, वाहन चोरी करने और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने के आरोप हैं।

गिल्डफोर्ड इलाके में हुई थी वारदात

सरे पुलिस सर्विस (SPS) के मुताबिक, यह घटना कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे के गिल्डफोर्ड इलाके में 181 स्ट्रीट और 96 एवेन्यू के पास हुई थी। आरोप है कि रात के समय युवक एक घर में अवैध रूप से दाखिल हुआ और वहां से एक गाड़ी चोरी कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद सरे पुलिस के मेजर क्राइम सेक्शन ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और तकनीकी जांच के जरिए संदिग्ध की पहचान की।

1 अक्टूबर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जांच के आधार पर पुलिस ने 1 अक्टूबर को शेरे प्रताप सिंह खुंदल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

पुलिस ने 10 नवंबर को इस कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ छह आपराधिक आरोपों को मंजूरी मिली है।

आरोपी पर लगे ये 6 आपराधिक आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ घर में अवैध रूप से प्रवेश करने, घर में घुसकर वाहन चोरी करने और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने सहित छह आपराधिक आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

सरे पुलिस मामले की आगे जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस ने स्थानीय निवासियों को रात के समय अपने घरों और वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

कनाडा में पंजाबी युवक की गिरफ्तारी का यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।