Wednesday, 02 September 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में सरहिंद नहर का टूटा किनारा, तेज बहाव में बहीं मोटरसाइकिलें, आसपास के गांवों में मचा हड़कंप
डेली संवाद, श्री चमकौर साहिब। Punjab News: पंजाब के श्री चमकौर साहिब के नजदीकी गांव भैरों माजरा के पास बुधवार तड़के सरहिंद नहर का एक किनारा अचानक टूट गया। देखते ही देखते नहर का पानी तेज रफ्तार से आसपास के इलाकों में फैल गया, जिससे कई गांवों में पानी घुसने की स्थिति पैदा हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे नहर का किनारा टूटने के बाद पानी तेजी से आसपास की जमीन की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान भैरों माजरा के कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर जिम जाने के लिए निकले थे।
युवक असंतुलित होकर गिर पड़े
रास्ते में अचानक पानी का तेज बहाव आने और जमीन धंसने के कारण युवक असंतुलित होकर गिर पड़े। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिलें पानी के बहाव में बह गईं। युवकों ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से मोटरसाइकिलों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, नहर के किनारे कुछ दिनों से पानी का रिसाव हो रहा था। क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में संबंधित विभाग को सूचना भी दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते रिसाव को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते तो नहर का किनारा टूटने की नौबत नहीं आती।
लोगों ने आरोप लगाया
नहर टूटने के बाद पानी आसपास के क्षेत्रों में फैलने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसका खामियाजा अब क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है।