ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 29 November 2026

ED Raid: पंजाब में अवैध कालोनियों के कारोबारियों पर बड़ी कार्ऱवाई! रियल एस्टेट कारोबारी के घर ED की रेड, 1 किलो सोने की छड़ी मिली, 3.16 करोड़ रुपये के बैंक खाते और FD फ्रीज, जालंधर में भी हो सकती कार्रवाई!

ED Raid: पंजाब में अवैध कालोनियों के कारोबारियों पर बड़ी कार्ऱवाई! रियल एस्टेट कारोबारी के घर ED की रेड, 1 किलो सोने की छड़ी मिली, 3.16 करोड़ रुपये के बैंक खाते और FD फ्रीज, जालंधर में भी हो सकती कार्रवाई!

डेली संवाद, चंडीगढ़। ED Raid: पंजाब और चंडीगढ़ में अवैध कॉलोनियों तथा आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ में एक रियल एस्टेट कारोबारी के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान ED को 1 किलो वजन की सोने की छड़ी बरामद हुई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के बैंक खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा 3.16 करोड़ रुपये भी फ्रीज कर दिए गए हैं।

ED के जालंधर जोनल ऑफिस ने चंडीगढ़ और मोहाली में आरोपियों से जुड़े ठिकानों पर यह छापेमारी की थी। शनिवार को एजेंसी ने इस कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की। छापेमारी के दौरान सोने की छड़ी के अलावा वित्तीय रिकॉर्ड, प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई PWD (B&R) के एक्सईएन निमरतदीप सिंह और रियल एस्टेट कंपनी WWICS Estates Private Limited के डायरेक्टर दविंदर सिंह संधू से जुड़े ठिकानों पर की गई। ED अब बरामद दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की जांच कर कथित अवैध कमाई, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियां जोड़ रही है।

दो अवैध कॉलोनियां विकसित करने का आरोप

ED की मनी लॉन्ड्रिंग जांच मोहाली विजिलेंस ब्यूरो की दो FIR के आधार पर शुरू हुई थी। जांच के मुताबिक, रियल एस्टेट कारोबारी दविंदर सिंह संधू ने PWD के एक्सईएन निमरतदीप सिंह और अन्य अधिकारियों की कथित मिलीभगत से SAS नगर के कुराली गांव में 'ड्रीम मीडोज-I' और 'ड्रीम मीडोज-II' नाम से दो कॉलोनियां विकसित कीं।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

ED का आरोप है कि कंपनी ने शुरुआत में इस प्रोजेक्ट को एक ही कॉलोनी के रूप में तैयार किया था, लेकिन सरकारी फीस बचाने के लिए इसे दो अलग-अलग कॉलोनियों के तौर पर दिखाया गया। इसके अलावा कॉलोनियों के रेगुलराइजेशन सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए जमीन मालिकों के कथित फर्जी सहमति पत्रों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है।

एक्सईएन पर 35.58 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

विजिलेंस ब्यूरो की दूसरी FIR में PWD के एक्सईएन निमरतदीप सिंह पर आय से अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप लगाया गया है। FIR के अनुसार, 1 अप्रैल 2004 से 10 दिसंबर 2020 के बीच उन्होंने खुद और अपने परिजनों के नाम पर संपत्तियां अर्जित कीं।

जांच में दावा किया गया कि इस अवधि के दौरान निमरतदीप सिंह और उनके परिवार का खर्च उनकी ज्ञात कानूनी आय से करीब 1.73 गुना अधिक था। कथित आय से अधिक खर्च की राशि लगभग 35.58 करोड़ रुपये बताई गई है।

बैंक खातों और FD में जमा 3.16 करोड़ रुपये फ्रीज

ED की छापेमारी के दौरान आरोपियों के बैंक खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट में जमा कुल 3.16 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए हैं। इसके साथ ही करीब 1.23 करोड़ रुपये कीमत की एक किलो सोने की छड़ी भी बरामद हुई है।

एजेंसी ने वित्तीय रिकॉर्ड, प्रॉपर्टी दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी अपने कब्जे में लिए हैं। अब इनकी जांच के जरिए कथित मनी लॉन्ड्रिंग, अवैध संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

जालंधर के 66 फुटी रोड पर एक्शन!

ED की जांच में आगे और खुलासे होने की संभावना है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा। इसके अलावा जालंधर के 66 फुटी रोड पर भी ED की नजर है। कहा जा रहा है कि ED ने 66 फुटी रोड के प्रोजैक्ट्स की फाइल मंगवाई है। जिससे आने वाले दिनों में जालंधर में बड़ी कार्ऱवाई हो सकती है।

सूत्र बता रहे हैं कि जालंधर के 66 फुटी रोड पर चल रहे कुछ प्रोजैक्ट में हवाला के पैसे का लेनदेन किया गया है। ईडी के एक अफसर के मुताबिक इसकी फाइल पिछले कुछ महीने से स्टडी हो रही है, इसके बाद इस पर कार्रवाई शुरू होगी। आपको बता दें कि 66 फुटी रोड पर शहर के बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं।