ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 29 September 2026

Punjab News: फर्जी अफसर बनकर PhD छात्रा से ठगे 11.50 लाख और गहने, AI से बनाई IPS वर्दी की फोटो

Punjab News: फर्जी अफसर बनकर PhD छात्रा से  ठगे 11.50 लाख और गहने, AI से बनाई IPS वर्दी की फोटो

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक PhD छात्रा को शादी के झांसे में फंसाकर लाखों रुपये और सोने के गहने ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रोहतक निवासी एक युवक ने मैट्रिमोनियल साइट पर AI से तैयार की गई वर्दी वाली फोटो लगाकर खुद को कभी IPS अधिकारी, कभी एक्साइज विभाग का असिस्टेंट कमिश्नर और कभी RAW एजेंट बताया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने युवती का भरोसा जीतने के बाद उससे करीब 11.50 लाख रुपये कैश, 6-7 तोले सोने के गहने और लैपटॉप ले लिया। इतना ही नहीं, सुरक्षा का हवाला देकर आरोपी ने युवती के दस्तावेजों से उसके नाम पर बैंक खाता खुलवा लिया और उसकी पासबुक, ATM कार्ड तथा नया सिम कार्ड भी अपने कब्जे में रख लिया।

खाते में संदिग्ध लेनदेन सामने आने के बाद बैंक ने अकाउंट फ्रीज किया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने रोहतक की शिवाजी कॉलोनी निवासी अमित कुमार बल्हारा को गिरफ्तार किया है।

मैट्रिमोनियल साइट पर मिली थी आरोपी की प्रोफाइल

सेक्टर-20 निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इसी साल मार्च में उसने एक मैट्रिमोनियल साइट पर आरोपी की प्रोफाइल देखी थी। प्रोफाइल में आरोपी की वर्दी पहने फोटो लगी हुई थी।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संपर्क फोन और अन्य माध्यमों तक पहुंच गया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने खुद को प्रभावशाली सरकारी अधिकारी बताकर उसका भरोसा हासिल किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा प्रोफाइल पर लगाई गई कथित IPS वर्दी वाली फोटो वास्तविक नहीं थी, बल्कि AI की मदद से तैयार की गई थी।

कभी IPS तो कभी RAW एजेंट बताया

आरोप है कि युवक ने युवती को प्रभावित करने के लिए अलग-अलग समय पर खुद को एक्साइज विभाग का असिस्टेंट कमिश्नर, IPS अधिकारी और RAW एजेंट बताया।

आरोपी ने कथित तौर पर युवती को यह भी बताया कि हरियाणा सरकार में उसकी अच्छी पहुंच है और वह उसे सरकारी नौकरी लगवा सकता है। शादी और सरकारी नौकरी के कथित वादों के बीच दोनों की नजदीकियां बढ़ती गईं और दोनों ने डेटिंग शुरू कर दी।

मां की बीमारी का भी बनाया भावनात्मक सहारा

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने युवती से अपनी मां की बीमारी को लेकर भावनात्मक बातें कीं। उसने बताया कि उसकी मां बीमार रहती है और परिवार में उनकी देखभाल ठीक से नहीं हो रही।

आरोपी ने कथित तौर पर युवती से यहां तक कहा कि अगर वह उसकी जीवनसाथी बनती है तो उसकी मां भी ठीक हो जाएगी। पुलिस के अनुसार, इसी तरह आरोपी ने धीरे-धीरे युवती का विश्वास हासिल किया।

11.50 लाख रुपये, सोना और लैपटॉप लिया

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग कारण बताते हुए उससे करीब 11.50 लाख रुपये नकद, 6-7 तोले सोने के गहने और लैपटॉप ले लिया।

इसके बाद आरोपी ने खुद को RAW एजेंट बताते हुए सुरक्षा का हवाला दिया और कहा कि वह अपने नाम पर बैंक खाता नहीं खुलवा सकता। आरोप है कि उसने युवती के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उसके नाम पर बैंक अकाउंट खुलवाया।

पासबुक, ATM और सिम भी अपने पास रखा

बैंक खाता खुलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसकी पासबुक, ATM कार्ड और नया सिम कार्ड अपने पास रख लिया। उसका कहना था कि सुरक्षा कारणों से बैंक से संबंधित जानकारी और OTP उसी के पास रहना जरूरी है।

इस तरह आरोपी ने कथित तौर पर बैंक खाते का नियंत्रण भी अपने हाथ में ले लिया।

संदिग्ध ट्रांजेक्शन से खुला राज

करीब दो महीने पहले बैंक ने खाते में संदिग्ध लेनदेन होने के चलते उसे फ्रीज कर दिया। इसके बाद बैंक मैनेजर ने पीड़िता से संपर्क कर खाते में हो रहे संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी दी।

बैंक से जानकारी मिलने के बाद युवती को आरोपी पर शक हुआ। उसने अपने पैसे, गहने और अन्य सामान वापस मांगे। आरोप है कि सामान लौटाने के बजाय आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।

फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी से अपने 11.50 लाख रुपये और सामान वापस मांगे तो उसने उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

धमकियों से परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल की फोरेंसिक जांच

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। मोबाइल में मौजूद चैट, फोटो, वीडियो, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

इसके अलावा बैंक खाते में हुए संदिग्ध लेनदेन और आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कथित तौर पर इसी तरीके से किसी अन्य युवती को भी अपना शिकार बनाया था या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।