ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 16 November 2026

Punjab News: शोर मचाने वालों पर प्रशासन का शिकंजा: DJ, जनरेटर और पटाखों पर लगेगा भारी जुर्माना, 1 लाख तक पेनल्टी

Punjab News: शोर मचाने वालों पर प्रशासन का शिकंजा: DJ, जनरेटर और पटाखों पर लगेगा भारी जुर्माना, 1 लाख तक पेनल्टी

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ में तेज आवाज में डीजे बजाना, देर रात जनरेटर चलाना और निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक शोर करने वाले पटाखे चलाना अब महंगा पड़ सकता है। ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर 1 हजार रुपए से लेकर 1 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाने की तैयारी की जा रही है।

चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (CPCC) ने पहली बार ध्वनि प्रदूषण के मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा (Environmental Compensation) लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव पर 17 नवंबर को होने वाली गवर्निंग बॉडी की बैठक में विचार किया जाएगा।

DJ और लाउडस्पीकर बजाने पर भी लगेगा जुर्माना

अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माने की नई व्यवस्था लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा। यह प्रस्ताव केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के दिशा-निर्देशों के आधार पर तैयार किया गया है।

प्रस्ताव के अनुसार, बिना पूर्व अनुमति लाउडस्पीकर या पब्लिक एड्रेस सिस्टम चलाने पर 10 हजार रुपए का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया जा सकता है। इसके अलावा आवासीय, व्यावसायिक, मिश्रित उपयोग और साइलेंस जोन के लिए अलग-अलग जुर्माने का प्रावधान किया गया है। अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अदालतों के आसपास घोषित साइलेंस जोन में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ ज्यादा सख्ती की जाएगी।

जनरेटर चलाने पर 1 लाख रुपए तक जुर्माना

चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति के प्रस्ताव में डीजल जनरेटर सेट की क्षमता के हिसाब से जुर्माना तय किया गया है।

  • 1,000 KVA से अधिक क्षमता वाले जनरेटर पर 1 लाख रुपए।

  • 62.5 से 1,000 KVA तक के जनरेटर पर 25 हजार रुपए।

  • 62.5 KVA तक के जनरेटर पर 10 हजार रुपए।

वहीं, निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले निर्माण उपकरणों पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाने का प्रस्ताव है।

बरात, रैली और धार्मिक आयोजनों में शोर करने पर 20 हजार

शादी समारोहों, बरात, रैली, जुलूस और धार्मिक आयोजनों में निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर भी जुर्माना लगाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

प्रस्ताव के मुताबिक, बरात, रैली, जुलूस और धार्मिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर 10 हजार रुपए का पर्यावरणीय मुआवजा देना पड़ सकता है। वहीं, साइलेंस जोन में इस तरह का उल्लंघन करने पर 20 हजार रुपए जुर्माना प्रस्तावित है।

पटाखे चलाने पर भी लगेगी पेनल्टी

आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक शोर करने वाले पटाखे चलाने पर प्रत्येक उल्लंघन के लिए 1 हजार रुपए जुर्माना लगाने का प्रस्ताव है। जबकि साइलेंस जोन में पटाखे चलाने पर 3 हजार रुपए का पर्यावरणीय मुआवजा देना पड़ सकता है।

तीसरी बार नियम तोड़ा तो देना होगा 1 लाख रुपए

प्रस्ताव में बार-बार ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के लिए जुर्माने की राशि बढ़ाने का प्रावधान भी रखा गया है। RWA, सार्वजनिक स्थलों, विवाह समारोहों और संस्थागत आयोजनों में नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना इस प्रकार होगा:

  • पहली बार उल्लंघन: 20 हजार रुपए।

  • दूसरी बार उल्लंघन: 40 हजार रुपए।

  • तीसरी या उसके बाद उल्लंघन: 1 लाख रुपए।

17 नवंबर की बैठक पर टिकी नजरें

चंडीगढ़ में ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए तैयार किए गए इस प्रस्ताव पर अब 17 नवंबर को होने वाली गवर्निंग बॉडी की बैठक में फैसला लिया जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद डीजे, लाउडस्पीकर, जनरेटर, पटाखों और सार्वजनिक आयोजनों में तय ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक कार्रवाई का रास्ता साफ हो सकता है।