Sunday, 15 November 2026
पंजाब
Punjab News: पार्किंग में खड़ी दो कारों में लगी आग, मालिक ने जताई साजिश की आशंका
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ के सेक्टर-25 में रविवार दोपहर पार्किंग में खड़ी दो कारों में अचानक आग लग गई। पहले स्कोडा कार के इंजन में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें पास खड़ी हुंडई कार तक पहुंच गईं और वह भी इसकी चपेट में आ गई। हादसे में स्कोडा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि हुंडई कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
स्कोडा कार के इंजन में लगी आग, दूसरी गाड़ी तक पहुंचीं लपटें
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर-25 की पार्किंग में खड़ी स्कोडा कार के इंजन में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास खड़ी हुंडई कार भी इसकी चपेट में आ गई।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
कार से ऊंचा धुआं उठता देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने रेत और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार फैलती रही।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
आग फैलने और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके पर जमा लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया।
6 महीने पहले खरीदी थी स्कोडा कार
स्कोडा कार की मालकिन सुनीता ने बताया कि उन्होंने करीब 6 महीने पहले ही यह गाड़ी खरीदी थी। शनिवार शाम को उन्होंने कार घर के पास पार्किंग में खड़ी की थी। रविवार सुबह जब वह कार देखने पहुंचीं तो सब कुछ सामान्य था।
कुछ समय बाद उन्हें कार में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने जानबूझकर कार के पास पड़े कूड़े में आग लगाई होगी, जिसकी लपटें उनकी गाड़ी तक पहुंच गईं। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हुंडई कार भी आग की चपेट में आई
आग से प्रभावित दूसरी कार के मालिक उत्सव ने बताया कि उन्होंने भी हाल ही में हुंडई कार खरीदी है। गाड़ी के मालिकाना हक को अपने नाम करवाने के लिए उसके दस्तावेज रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी में जमा करवाए हुए हैं।
हालांकि, अभी तक गाड़ी उनके नाम पर ट्रांसफर नहीं हुई है और सरकारी रिकॉर्ड में यह पुराने मालिक के नाम पर ही रजिस्टर्ड है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि आग कार के इंजन में कैसे लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।