Monday, 05 October 2026
पंजाब
Bomb Threat: पंजाब के स्कूलों को मिली बम धमकी, पुलिस ने संभाला मोर्चा; कैंपस और आसपास चल रही तलाशी
डेली संवाद, चंडीगढ़। Bomb Threat: चंडीगढ़ में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। पुलिस कंट्रोल रूम को मिले धमकी भरे संदेश में शहर के अलग-अलग सेक्टरों में स्थित स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई।
सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। संबंधित स्कूलों में सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीमें स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों की जांच कर रही हैं।
इन स्कूलों के नाम धमकी में शामिल
पुलिस कंट्रोल रूम को मिले संदेश में जिन स्कूलों के नाम बताए गए हैं, उनमें:
- एयरफोर्स स्कूल, सेक्टर-31
- सेंट सोल्जर इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-28
- DAV मॉडल स्कूल, सेक्टर-15
- सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-45
- अजीत स्कूल, सेक्टर-41 और 45
- अंकुर स्कूल, पंजाबी यूनिवर्सिटी कैंपस
शामिल बताए जा रहे हैं।
स्कूलों में सुरक्षा जांच शुरू
धमकी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने संबंधित स्कूलों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है। स्कूल परिसरों, आसपास के क्षेत्रों और संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है।
पुलिस धमकी भरे संदेश के स्रोत और उसके तकनीकी विवरणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी किस माध्यम से भेजी गई और इसके पीछे कौन है।
संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं
फिलहाल स्कूल परिसरों में किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी वास्तविक है या फिर दहशत फैलाने के उद्देश्य से किसी ने फर्जी संदेश भेजा है।
पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी। छात्रों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।