ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 04 August 2026

Punjab Congress News: कांग्रेस के कार्यक्रम में जमकर हंगामा, भूपेश बघेल के सामने लगे 'चन्नी जिंदाबाद' के नारे

Punjab Congress News: कांग्रेस के कार्यक्रम में जमकर हंगामा, भूपेश बघेल के सामने लगे 'चन्नी जिंदाबाद' के नारे

डेली संवाद, फाजिल्का। Punjab Congress News: फाजिल्का में कांग्रेस के ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कुछ कार्यकर्ताओं ने मंच के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। अबोहर रोड स्थित एक निजी पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने ‘चरणजीत सिंह चन्नी जिंदाबाद’ और ‘शेर सिंह घुबाया जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते नारेबाजी तेज हो गई और कुछ कार्यकर्ता मंच की ओर बढ़ने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया।

पुलिस ने लोगों को बाहर भेजा

काफी देर तक चली गहमागहमी और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को नियंत्रित कर उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर भेज दिया। इसके बाद कार्यक्रम दोबारा सामान्य रूप से जारी हो सका।

कार्यक्रम में हुए विरोध को लेकर पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के अभियान शुरू किए जाने के बाद कुछ लोग लगातार कार्यक्रमों में पहुंचकर व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

भूपेश बघेल ने जताई नाराजगी

भूपेश बघेल ने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी रिपोर्ट तैयार कर पार्टी नेतृत्व को भेजी जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि अनुशासन तोड़ने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ पार्टी स्तर पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।