डेली संवाद, जालंधर।
Jalandhar News: पंजाब (Punjab) के जिला जालंधर (Jalandhar) में एक नशे में धुत ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी द्वारा जमकर हंगामा करने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि उसने नशे में महिला नेता की गाड़ी को टक्कर मार दी।
जालंधर (Jalandhar) में वर्दी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत एक ट्रैफिक पुलिस ASI ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उसने लापरवाही से कार चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मारी, जिनमें भाजपा नेत्री आरती राजपूत की गाड़ी भी शामिल थी।
सड़क पर अफरा-तफरी
टक्कर के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन भाजपा नेत्री ने उसका पीछा कर उसे मकसूदा थाना के पास रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिसकर्मी जतिंदर वर्दी में था और नशे की हालत में तेज रफ्तार से कार चला रहा था। उसकी लापरवाही से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। जब भाजपा नेत्री आरती राजपूत ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह गाड़ी लेकर फरार हो गया।
आरती राजपूत ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी कार से उसका पीछा किया और आखिरकार मकसूदा पुलिस स्टेशन के पास उसे घेरकर रोक लिया। गाड़ी से उतरते ही पुलिसकर्मी सड़क पर हंगामा करने लगा। बताया जा रहा है कि वह इतना नशे में था कि ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
इस दौरान आरती राजपूत ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद भाजपा नेत्री ने मामले की जानकारी ADCP ट्रैफिक को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी ASI को अपने साथ ले गए। आरती राजपूत ने पुलिस अधिकारियों से आरोपी का मेडिकल कराने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिसकर्मी सस्पेंड किया
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी ASI को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि विभाग में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।