ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 23 September 2026

Encounter in Punjab: पुलिस ने नाके पर रोका तो गैंगस्टर ने बरसाईं गोलियां, जवाबी फायरिंग में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर घायल

Encounter in Punjab: पुलिस ने नाके पर रोका तो गैंगस्टर ने बरसाईं गोलियां, जवाबी फायरिंग में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर घायल

डेली संवाद, अमृतस​र। Encounter in Punjab: पंजाब के अमृतसर में पुलिस और एक मोस्ट वांटेड गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, नाकाबंदी के दौरान रोकने का इशारा करने पर गैंगस्टर ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से गैंगस्टर हरमन बोपाराय घायल हो गया।

पुलिस (Police) ने उसे मौके से काबू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हरमन सिंह उर्फ हरमन बोपाराय, निवासी बोपाराय के रूप में हुई है। वह गुरदासपुर के हनुमान चौक ग्रेनेड अटैक समेत कई आपराधिक मामलों में नामजद है। एक मामले में उसे घोषित अपराधी भी बताया जा रहा है।

गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने लगाया था नाका

अमृतसर देहात के SSP कंवलप्रीत सिंह चहल के मुताबिक, थाना मत्तेवाल क्षेत्र में सुबह हुई फायरिंग के मामले की जांच पुलिस की CIA सहित कई टीमें कर रही थीं।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हरमन बोपाराय इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भोआ साइड से चुगावां की ओर आने वाले रास्ते पर सुए के पास नाकाबंदी की।

स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर अकेला पहुंचा था हरमन

पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद हरमन बोपाराय स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर अकेला वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

पुलिस का आरोप है कि इसके बाद हरमन ने पुलिस टीम की तरफ फायरिंग शुरू कर दी। उसने करीब 3 से 4 राउंड फायर किए। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान एक गोली SSP दलजीत सिंह की बांह के पास से निकल गई।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पैर में मारी गोली

पुलिस के अनुसार, टीम ने पहले हरमन को रोकने के लिए हवाई फायर किया और दोबारा रुकने का इशारा किया। इसके बावजूद वह नहीं रुका और फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली हरमन की टांग में लगी।

घायल होने के बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 6 से 7 राउंड फायरिंग होने की बात पुलिस ने बताई है।

घटनास्थल से कारतूस बरामद

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ वाली जगह से एक जिंदा कारतूस और कुछ खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब बरामद कारतूस और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

ग्रेनेड अटैक समेत कई मामलों में नामजद

पुलिस के अनुसार, हरमन सिंह उर्फ हरमन बोपाराय के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें स्नैचिंग, हत्या के प्रयास और BNS की धारा 109 से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि हरमन गुरदासपुर के हनुमान चौक में हुए ग्रेनेड अटैक मामले में भी नामजद है।

इसके अलावा वह एक मामले में घोषित अपराधी बताया जा रहा है। SSP कंवलप्रीत सिंह चहल के मुताबिक, अस्पताल में इलाज पूरा होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस उसका रिमांड लेने की कोशिश करेगी।

रिमांड लेकर पुराने मामलों पर होगी पूछताछ

रिमांड के दौरान पुलिस उससे उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों, हथियारों और उसकी आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और अन्य वारदातों में उसकी क्या भूमिका रही है।

फिलहाल पुलिस ने हरमन बोपाराय को गिरफ्तार कर लिया है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ-साथ मुठभेड़ से जुड़े साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।