Saturday, 12 September 2026
पंजाब
Encounter in Jalandhar: जालंधर में पुलिस मुठभेड़, कुख्यात गैंगस्टर का सदस्य पैर में गोली लगने से घायल
डेली संवाद, जालंधर। Encounter in Jalandhar: जालंधर पुलिस (Jalandhar Police)ने शनिवार सुबह जमशेरपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया।
पुलिस (Police) के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी गैंगस्टर डोनी बल गैंग का सदस्य है। आरोपी की पहचान सुखजिंदर उर्फ प्रिंस निवासी तरनतारन के रूप में हुई है।
वारदात की शिनाख्त के लिए ले गई थी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को एक वारदात की शिनाख्त के लिए पुलिस अपने साथ लेकर गई थी। जांच के दौरान कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
शनिवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस टीम आरोपी को हथियार की रिकवरी के लिए जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने की कोशिश की।
पुलिस पर फायरिंग का दावा
पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की टांग में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मौके से गोली का खोल भी बरामद किया है।
आरोपी से पिस्तौल बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में उसके गैंगस्टर डोनी बल गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान कुल 3 गोलियां चलीं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था और उसके साथ इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं।