Thursday, 05 November 2026
दुनिया
Bomb Threat: एक साथ कई फ्लाइट्स को बम की धमकी, फाइटर जेट्स की निगरानी में उतारे गए विमान
डेली संवाद, पेरिस। Bomb Threat: यूरोप के आसमान में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कई यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई विमानों का रास्ता बदल दिया, जबकि कुछ को आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी विमान में विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पिछले कुछ दिनों में इस तरह की घटनाओं ने यूरोपीय देशों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार को फ्रांस, इटली, बेल्जियम, बुल्गारिया, चेक गणराज्य और रोमानिया में कई विमानों को बम की धमकियों के बाद सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। कुछ विमानों को एयरपोर्ट पर उतारने के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फ्रांस में आयरिश विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
डबलिन से रोम जा रही एयरलिंगस की उड़ान संख्या EI402 को सुरक्षा कारणों से फ्रांस के एव्रेक्स एयरपोर्ट पर उतारा गया। यह एयरपोर्ट पेरिस से करीब 100 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। बम की धमकी मिलने के बाद विमान को निर्धारित गंतव्य तक जाने की अनुमति नहीं दी गई और उसे सुरक्षित स्थान पर लैंड कराया गया।
इटली में फाइटर जेट्स ने विमान को दिया सुरक्षा कवच
हेलसिंकी से रोम जा रही फिनएयर की एक उड़ान को भी बम की धमकी मिली। इसके बाद इटली की वायु सेना के फाइटर जेट्स ने विमान को अपनी निगरानी में लिया और रोम के फिमिसिनो एयरपोर्ट तक सुरक्षित पहुंचाया। लैंडिंग के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
बेल्जियम और बुल्गारिया में भी अलर्ट
बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स के जविएंतेम एयरपोर्ट पर पोलैंड की LOT एयरलाइंस के एक विमान को उतारा गया। सुरक्षा जांच के दौरान विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
वहीं, बुल्गारिया में भी बम की धमकियों के बाद तीन विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इनमें से दो विमान राजधानी सोफिया और एक प्लोवदिभ एयरपोर्ट पर उतारा गया। संबंधित एजेंसियों ने विमानों की जांच की।
प्राग जा रहे चार विमानों को मिली धमकी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चेक गणराज्य की राजधानी प्राग की ओर जा रहे चार विमानों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरुआती आकलन में खतरे को कम माना।
इसके अलावा, मिलान से बुखारेस्ट जा रही विज एयर की एक उड़ान से करीब 200 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रोमानिया के अधिकारियों ने बम निरोधक दस्ते की मदद से विमान की तलाशी ली।
दो दिन पहले भी मिली थीं ऐसी धमकियां
यूरोप में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महज दो दिन पहले भी कम से कम सात उड़ानों और एक क्रूज जहाज को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी मामले में विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
लगातार मिल रही इन धमकियों के कारण यूरोप के कई देशों की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एयरपोर्ट और विमानन सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी बढ़ाई जा रही है।
रूस और ईरान से जुड़े हाइब्रिड हमलों का शक
फिलहाल किसी देश या संगठन ने इन धमकियों की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, यूरोपीय अधिकारियों को आशंका है कि इन घटनाओं के पीछे रूस और ईरान से जुड़े हाइब्रिड हमलों या तोड़फोड़ की कोशिशों का हाथ हो सकता है। यह आशंका है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इसी सप्ताह यूरोप के कई देशों में सुपरमार्केट और फ्रांस के ब्लड बैंकों की कूलिंग सिस्टम को अज्ञात हैकर्स द्वारा बाधित किए जाने की खबरें भी सामने आई थीं।
विशेषज्ञों का मानना है कि साइबर हमले और फर्जी बम धमकियां कम लागत में बड़े स्तर पर दहशत फैलाने और जरूरी सेवाओं को बाधित करने का तरीका हो सकती हैं। फिलहाल यूरोपीय सुरक्षा एजेंसियां इन घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही हैं।