Saturday, 12 September 2026
पंजाब
Firing in Punjab: पूर्व सरपंच के भाई के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, 6-7 राउंड गोलियां चलीं; CCTV में कारों से भागते दिखे हमलावर
डेली संवाद, बटाला। Firing in Punjab: पंजाब के गुरदासपुर जिले के नवां पिंड सरदार दा गांव में देर रात पूर्व सरपंच के भाई के घर पर अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है। कारों में सवार अज्ञात हमलावरों ने घर को निशाना बनाकर 6 से 7 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
फायरिंग के दौरान ग्रामीण सतर्क हो गए और उन्होंने हमलावरों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
कारों में आए हमलावर, घर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, हमलावर देर रात दो गाड़ियों में सवार होकर गांव पहुंचे और पूर्व सरपंच राजिंदर सिंह के भाई कुलविंदर सिंह के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियों की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और हमलावरों का विरोध करते हुए पत्थरबाजी की। विरोध बढ़ता देख हमलावर दोनों गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में फायरिंग के बाद दो गाड़ियों में सवार हमलावर तेज रफ्तार से भागते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कुछ ग्रामीण भी उनके पीछे दौड़ते नजर आ रहे हैं, लेकिन कोई भी आरोपी पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और उनके रूट की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कुलविंदर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार धमकी भरे फोन आ रहे थे। कॉल करने वाले उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। हालांकि कुलविंदर सिंह और उनके भाई पूर्व सरपंच राजिंदर सिंह का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई सीधी दुश्मनी नहीं है।
पुलिस ने बरामद किए गोलियों के खोखे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से तीन गोलियों के खोखे बरामद किए हैं और आसपास के इलाके में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
SSP बोले- हर एंगल से जांच जारी
गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। शुरुआती जांच में घटना आपसी रंजिश से जुड़ी प्रतीत हो रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।