ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 04 October 2026

Firing News: पंजाब में घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, 7-8 बदमाश Fortuner में पहुंचे, पहले फोन पर दी थी धमकी

Firing News: पंजाब में घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, 7-8 बदमाश Fortuner में पहुंचे, पहले फोन पर दी थी धमकी

डेली संवाद, लुधियाना। Firing News: लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 6 के अंतर्गत आते कोट मंगल सिंह नगर में प्रेम प्रसंग के विवाद में 7-8 बदमाशों ने एक घर में ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावर अचानक नहीं आए बल्कि उन्होंने बाकायदा फोन करके पहले धमकियां दीं और फिर फॉर्च्यूनर में आकर वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित के पिता ने बताया कि शनिवार देर रात उनके पास परमिंदर नामक युवक का फोन आया था। फोन पर उसने कहा तुम अभी बाज नहीं आ रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवती से कोई लेना-देना नहीं है जिसे शादी करनी है वो करे वे बीच में नहीं आते।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

इसके बावजूद फोन करने वाले ने धमकाते हुए कहा कि गाड़ी में पिस्तौल रख ली है, हम आ रहे हैं तुम्हारी रीढ़ की हड्डियां तोड़ने। पीड़ित के मुताबिक इस धमकी के कुछ ही देर बाद गली नंबर 19 में एक फॉर्च्यूनर रुकी और बदमाशों ने उन पर दो फायर कर दिए। पिता ने फुर्ती दिखाते हुए पास खड़े बेटे को धकेल दिया,जिससे जानी नुकसान टल गया।

युवती पर लोकेशन लीक करने का आरोप

हमले में बाल-बाल बचे 22 वर्षीय इंद्रपाल सिंह ने बताया कि उसका किसी के साथ कोई बैर नहीं है। न ही वह उस युवती से बात करता है। फिर भी उस पर पिस्तौल तान दी गई।

वहीं पिता ने आरोप लगाया है कि जब वे गली में अपनी गाड़ी बैक कर रहे थे तभी हमलावर पहुंचे। उन्हें सटीक लोकेशन जरूर उस युवती या उसके भाई ने फोन करके दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे घर या मोहल्ला नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने पुलिस से हमलावरों पर धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।

घटनास्थल से एक कारतूस का खाली खोल बरामद

थाना डिवीजन नंबर 6 के प्रभारी प्रमोद राज तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसएचओ प्रमोद राज ने बताया कि इंद्रपाल के बयान दर्ज कर घटनास्थल से एक कारतूस का खाली खोल भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह पूरा विवाद युवती के प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।

फिलहाल पुलिस निजी और व्यापारिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फॉर्च्यूनर कार का नंबर और आरोपियों का हुलिया ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।