ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 16 November 2026

Firing News: पंजाब में फिरौती के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रॉपर्टी कारोबारी ने भी चलाई गोलियां; CCTV आया सामने

Firing News: पंजाब में फिरौती के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रॉपर्टी कारोबारी ने भी चलाई गोलियां; CCTV आया सामने

डेली संवाद, पटियाला। Firing News: पंजाब के पटियाला में फिरौती मांगने आए तीन बदमाशों और प्रॉपर्टी कारोबारी के बीच खूनी मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने कारोबारी की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद प्रॉपर्टी कारोबारी और उसके साथियों ने भी लाइसेंसी हथियारों से जवाबी फायरिंग की।

इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि कारोबारी का एक साथी भी गोली लगने से घायल हो गया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि फायरिंग की यह वारदात विधायक अजीत कोहली के दफ्तर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई।

गाड़ी में बैठते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रॉपर्टी कारोबारी सुखविंदर सिंह गागू के मुताबिक, सोमवार को वह सनौरी अड्डे पर स्थित अपने दफ्तर से बाहर निकले थे। जैसे ही वह अपनी गाड़ी में बैठकर जाने लगे, बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

अचानक हुए हमले के बाद कारोबारी और उनके साथियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक हमलावर के पैर में गोली लग गई। वहीं, कारोबारी का एक साथी भी गोली लगने से घायल हो गया।

25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख कर दी थी फिरौती की मांग

प्रॉपर्टी कारोबारी सुखविंदर सिंह गागू ने आरोप लगाया कि बाबी माही और रवि माही की ओर से उन्हें काफी समय से फिरौती के लिए परेशान किया जा रहा था। उनके मुताबिक, पहले उनसे 25 लाख रुपए की मांग की गई थी, लेकिन बाद में फिरौती की रकम बढ़ाकर 50 लाख रुपए कर दी गई।

कारोबारी का दावा है कि इसी फिरौती के दबाव में उन पर हमला करवाया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

बाइक पर आए थे तीन बदमाश, साथी को लेकर फरार

सुखविंदर सिंह के अनुसार, तीनों हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसके साथी घायल हमलावर को बाइक पर बैठाकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

पिछले साल से मिल रही थीं जान से मारने की धमकियां

प्रॉपर्टी कारोबारी ने कहा कि उन्हें पिछले साल से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई गई।

गागू ने कहा कि अगर उनके और साथियों के पास लाइसेंसी हथियार नहीं होते तो हमलावर उनकी जान भी ले सकते थे।

आपसी रंजिश के एंगल से जांच कर रही पुलिस

पटियाला के SP (D) राजेश छिब्ब ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।