Wednesday, 26 August 2026
देश
GST Raid: शहर के दो बड़े ट्रांसपोर्टरों और नामी बिजनेसमैन के दफ़्तरों में GST का छापा, कम्प्यूटर समेत सभी दस्तावेज कब्जे में लिया, करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा
डेली संवाद, दुर्ग। GST Raid: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बड़े ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू से जुड़े ठिकानों पर स्टेट GST की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। 12 सदस्यीय टीम ने करीब 9.5 घंटे तक दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की।
पूछताछ के दौरान इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को बताया कि उनके पास करीब 500 ट्रक हैं। वहीं, उनके कारोबार से जुड़े करीब 1,500 ट्रकों के संचालन की जानकारी भी सामने आती रही है।
दो कंपनियों के रिकॉर्ड की जांच
GST टीम अब मौजूदा दस्तावेजों के साथ पुराने कारोबारी रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। जांच के दायरे में हेवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के अलावा इंद्रजीत सिंह से जुड़ी दलबीर सिंह एंड सन्स पार्टनरशिप के दस्तावेज भी शामिल हैं।
अधिकारियों द्वारा दोनों कंपनियों के 2020-21 से जुड़े लेनदेन, ऑडिट रिपोर्ट, कंसाइनमेंट और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
BSP और सीमेंट कंपनियों का भी ट्रांसपोर्टेशन
जांच में यह जानकारी सामने आई है कि कंपनियों का कारोबार केवल BSP तक सीमित नहीं है। दो सीमेंट फैक्ट्रियों के लिए भी ट्रांसपोर्टेशन का काम किया जाता है। इन संस्थानों से जारी वर्क ऑर्डर के आधार पर माल की ढुलाई की जाती है।

GST टीम इन वर्क ऑर्डर, बिल, कंसाइनमेंट और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद 12 कंप्यूटरों की भी जांच की गई। GST अधिकारियों ने डिजिटल रिकॉर्ड के अलावा करीब 20 कर्मचारियों से संबंधित दस्तावेजों को भी जांच के दायरे में लिया है।
पुराने स्क्रैप कारोबार से जुड़े दस्तावेज भी जांच
पूछताछ के दौरान इंद्रजीत सिंह से उनके पुराने स्क्रैप कारोबार के बारे में भी जानकारी ली गई। बताया गया कि पहले उनकी स्क्रैप ट्रेडिंग कंपनी थी, लेकिन लंबे समय से यह कारोबार बंद है। जरूरत पड़ने पर इस पुराने कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड भी जांचे जा सकते हैं।
GST टीम ने अदालत से तीन दिन का सर्च वारंट लिया है। ऐसे में बुधवार को भी टीम के दोबारा ठिकानों पर पहुंचने की संभावना है। अधिकारी ऑडिट रिपोर्ट, कंसाइनमेंट और अन्य कारोबारी दस्तावेज मंगाकर उनका कंपनी के लेनदेन से मिलान करेंगे। जांच पूरी होने के बाद ही किसी टैक्स अंतर या अनियमितता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नहीं मिले कारोबारी दस्तावेज
सोमवार को टीम ने बलौदाबाजार स्थित यार्ड में भी जांच की थी। वहां मुख्य रूप से ट्रकों की पार्किंग होती है। टीम को कारोबार से जुड़े दस्तावेजों के बजाय ड्राइवरों से संबंधित कागजात मिले, जिसके बाद यार्ड की जांच पहले ही दिन पूरी कर दी गई।
दो कंपनियों के जरिए संचालित है कारोबार
अब तक की जांच में इंद्रजीत सिंह से जुड़े कारोबार में दो कंपनियों का नाम सामने आया है। इनमें HTC और दलबीर सिंह एंड सन्स पार्टनरशिप शामिल हैं। बताया गया है कि दूसरी फर्म में उनकी पत्नी समेत अन्य लोग पार्टनर हैं। HTC लंबे समय से ट्रांसपोर्ट कारोबार में सक्रिय है।