ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 06 June 2026

GST Scam: पंजाब में टैक्स चोरी पर बड़ा एक्शन, GST विभाग ने कई जगहों पर मारा छापा, 2400 टन माल किया जब्त, 3.50 करोड़ रुपए का जुर्माना

GST-News
GST-News
डेली संवाद, चंडीगढ़/मंडी गोबिंदगढ़। GST Scam in Punjab: पंजाब सरकार ने टैक्स चोरी के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। राज्य के जीएसटी विभाग ने मंडी गोबिंदगढ़ (Mandi Gobindgarh) और खन्ना (Khanna) में एक सप्ताह के भीतर की गई विशेष छापेमारी के दौरान करीब 2400 मीट्रिक टन माल जब्त किया है। विभाग के अनुसार यह माल बिना बिल या फर्जी बिलों (Fake GST Bill) के आधार पर कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा था। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपए बताई जा रही है, जबकि संबंधित कारोबारियों पर 3.50 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा (Harpal Singh Cheema) ने शनिवार को कहा कि राज्य में टैक्स चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ कारोबार में पारदर्शिता और ईमानदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि राज्य के मंडी गोबिंदगढ़, लुधियाना, जालंधर और कुछ बड़े शहरों में जीएसटी चोरी की सूचनाएं आ रही थी, जिससे विभाग को सख्त आदेश दिया गया है कि जीएसटी चोरी पर सख्त एक्शन लिया जाए।

पुरानी टैक्स चोरी की प्रथा पर सख्ती

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान जिस तरह टैक्स चोरी की प्रवृत्ति बढ़ी थी, उसे खत्म करने के लिए वर्तमान सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जीएसटी विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि राज्य में कहीं भी टैक्स चोरी की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि हाल ही में मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद विभाग की विशेष टीमों ने लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध माल पकड़ा गया। जीएसटी विभाग की टीम लगातार दबिश और सर्वे कर रही है।

राज्यभर में तैनात की गईं विशेष टीमें

वित्त मंत्री ने बताया कि टैक्स चोरी पर लगाम लगाने के लिए पंजाब सरकार ने राज्यभर में विशेष निगरानी टीमें गठित की हैं। ये टीमें माल की आवाजाही, दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। जहां भी अनियमितता या फर्जी बिलिंग की आशंका होती है, वहां तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि कर व्यवस्था को मजबूत बनाना और सरकारी राजस्व में वृद्धि करना भी है, ताकि विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हो सकें। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने उद्योगपतियों और व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि या टैक्स चोरी में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ईमानदारी से कारोबार करने वाले व्यापारियों और उद्यमियों के साथ खड़ी है, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

लुधियाना-जालंधर के कारोबारी शामिल

वहीं, जीएसटी विभाग से जुड़े सूत्र बताते हैं कि मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना के साथ लुधियाना और जालंधर के कई लोहा कारोबारियों के नाम सामने आए हैं। अफसरों के मुताबिक जो गाड़ियां मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना में पकड़ी गई है, वे ज्यादातर जालंधर और लुधियाना के स्क्रैप कारोबारियों और डीलरों की है। जीएसटी विभाग के अफसरों ने कहा कि इन कारोबारियों से जुर्माना वसूल किया गया है। जालंधर और लुधियाना के कुछ कारोबारियों द्वारा बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग की जा रही है। इसमें लुधियाना और जालंधर के सीए की मिलीभगत भी सामने आई है। जल्द ही इन कारोबारियों और सीए को पकड़ा जाएगा।