Tuesday, 28 July 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में AAP और कांग्रेस समर्थकों में खूनी झड़प: तेजधार हथियारों से 3 घायल
डेली संवाद, गुरदासपुर। Punjab News: पंजाब में आप और कांग्रेस समर्थकों के झड़प होने की खबर सामने आ रही है। इस दौरान तीन लोग घायल हो गए है जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
तीन लोग घायल
मिली जानकारी के मुताबिक गुरदासपुर जिले के काहनूवान इलाके के गांव निमाना में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस से जुड़े समर्थकों के बीच विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तेजधार हथियारों से चोटें आने की बात कही जा रही है।
मामले की शुरुआत महिलाओं को मिलने वाली 1000 रुपये की आर्थिक सहायता योजना के फॉर्म भरने को लेकर हुई। गांव के सरपंच गगनदीप सिंह और घायल विक्की मसीह ने आरोप लगाया कि फॉर्म भरने के लिए बैठे एक व्यक्ति ने कुछ महिलाओं के आवेदन लेने से इनकार कर दिया। उनका आरोप है कि इसके पीछे यह वजह बताई गई कि उन्होंने आम आदमी पार्टी को वोट नहीं दिया था।
कांग्रेस पंच पर भी हमला
पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और बाद में गांव के कुछ लोगों ने स्कूल परिसर में पहुंचकर उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। विक्की मसीह ने दावा किया कि इससे पहले 27 जुलाई को गांव के एक कांग्रेस समर्थित पंच पर भी हमला किया गया था।
विक्की मसीह ने आरोप लगाया कि जब वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर मजदूरी के लिए जा रहे थे, तभी आईटीआई नैनेकोट के पास दो वाहनों में आए लोगों ने उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया। उनका कहना है कि हमलावरों ने कुछ लोगों को घेरकर तेजधार हथियारों से वार किए। उन्होंने गोली चलने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस मौके पर पहुंची
वहीं, दूसरे पक्ष ने अलग दावा किया है। उनका कहना है कि पहले उनके समर्थकों पर हमला किया गया था और खेतों में काम कर रहे AAP समर्थकों के साथ मारपीट हुई, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही काहनूवान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है, हालांकि कुछ लोगों ने गोलियां चलने का दावा किया है।