ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 28 September 2026

Haryana News: BJP नेता को लॉरेंस-गौदारा गैंग के नाम पर धमकी, 2 दिन में ₹5 करोड़ देने का अल्टीमेटम

Haryana News: BJP नेता को लॉरेंस-गौदारा गैंग के नाम पर धमकी, 2 दिन में ₹5 करोड़ देने का अल्टीमेटम

डेली संवाद, नूंह। Haryana News: हरियाणा के नूंह जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व चेयरमैन जाहिद हुसैन से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस और गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए जाहिद हुसैन और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

जाहिद हुसैन के मुताबिक, उन्हें 27 सितंबर 2026 की रात करीब 8:18 बजे एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि अगर उन्हें अपनी और अपने बच्चों की जान प्यारी है तो दो दिन के भीतर 5 करोड़ रुपये दे दें। आरोपी ने यह भी दावा किया कि उसके पास जाहिद हुसैन और उनके परिवार की पूरी जानकारी है।

15 मिनट के भीतर दो बार आई कॉल

जाहिद हुसैन के अनुसार, पहली कॉल करीब 1 मिनट 41 सेकंड तक चली। इस दौरान आरोपी ने लगातार 5 करोड़ रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। जाहिद हुसैन के मना करने पर फोन काट दिया गया।

करीब चार से पांच मिनट बाद उसी नंबर से दोबारा कॉल आई। इस बार फोन करने वाले ने पूछा कि क्या वह जाहिद हुसैन चेयरमैन बोल रहे हैं। पहचान की पुष्टि होने के बाद आरोपी ने फिर से 5 खोखा यानी 5 करोड़ रुपये की मांग दोहराई।

पैसे देने से इनकार करने पर परिवार को धमकी

जाहिद हुसैन ने बताया कि उन्होंने फोन करने वाले से कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं। इसके बाद आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

कॉलर ने कथित तौर पर कहा कि उसके पास जाहिद हुसैन और उनके परिवार की पूरी जानकारी है। उसने यह भी कहा कि उसके बॉस जवाब मांग रहे हैं कि पैसे देने हैं या नहीं। जाहिद हुसैन ने स्पष्ट कर दिया कि वह कोई पैसा नहीं देंगे और उनके पास 5 करोड़ रुपये हैं भी नहीं।

BJP Leader Zahid Hussain Extortion Threat.jpg

जाहिद हुसैन ने तुरंत SP को दी जानकारी

धमकी भरी कॉल के बाद जाहिद हुसैन ने तुरंत नूंह के SP डॉ. अर्पित जैन को मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सिटी थाना में भी लिखित शिकायत दी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और धमकी देने वाले व्यक्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

SP बोले- कॉल करने वाले नंबर की लोकेशन यूपी में मिली

नूंह के SP डॉ. अर्पित जैन के अनुसार, जिस नंबर से जाहिद हुसैन को कॉल आई थी, उसकी डिटेल निकलवाई गई है। शुरुआती जांच में नंबर की लोकेशन उत्तर प्रदेश में मिली है। हालांकि, मामले की पूरी स्थिति पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

2014 में BJP में शामिल हुए थे जाहिद हुसैन

जाहिद हुसैन पहले इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) में थे। अगस्त 2014 में उन्होंने अपने भाई आबिद हुसैन के साथ BJP का दामन थामा था। वह पंचायत समिति के चेयरमैन भी रह चुके हैं और वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं।

जाहिद हुसैन नूंह से INLD के घोषित प्रत्याशी रहे जाकिर हुसैन के चचेरे भाई भी बताए जाते हैं। यह मामला सामने आने के बाद नूंह पुलिस ने धमकी भरी कॉल की जांच तेज कर दी है। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान और रंगदारी मांगने के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।