Monday, 03 August 2026
हरियाणा
Haryana News: हरियाणा के अनुबंध कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत, सेवा सुरक्षा कानून के तहत बनी उच्च स्तरीय समिति
डेली संवाद, हरियाणा। Haryana News: हरियाणा सरकार ने अनुबंध कर्मचारियों को हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 और नियम, 2025 के दायरे में लाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इसके लिए वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
सरकार के अनुसार, यह समिति विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और अन्य संस्थाओं से प्राप्त प्रस्तावों की जांच करेगी। जांच के बाद अधिनियम के तहत पात्र संस्थाओं की प्रमाणित सूची तैयार की जाएगी, जिन्हें सेवा सुरक्षा पोर्टल के दायरे में शामिल किया जाएगा।
समय-सीमा बढ़ाई
इसके साथ ही सरकार ने विभिन्न श्रेणियों के अनुबंध कर्मचारियों के लिए सेवा सुरक्षा वेब पोर्टल पर पंजीकरण और सत्यापन की समय-सीमा भी बढ़ा दी है। अब पात्र कर्मचारी 7 अगस्त तक पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र अनुबंध कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा कानून का लाभ उपलब्ध कराना और पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाना है।