ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 31 October 2026

Haryana News: KG की बच्ची के साथ खौफनाक घटना, ईंट से ताबड़तोड़ वार, बेंच पर पटका; CCTV में कैद हुई घटना

Haryana News: KG की बच्ची के साथ खौफनाक घटना, ईंट से ताबड़तोड़ वार, बेंच पर पटका; CCTV में कैद हुई घटना

डेली संवाद, पंचकूला। Haryana News: हरियाणा के पंचकूला से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रसिद्ध स्कूल में KG की 6 वर्षीय छात्रा पर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र ने बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि छात्र ने बच्ची का सिर बेंच पर पटका, बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा और ईंट से उसके सिर व चेहरे पर कई बार वार किए। करीब 96 सेकेंड तक चली इस मारपीट की पूरी घटना क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

बच्ची को गंभीर हालत में पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद शिक्षा विभाग से लेकर पुलिस प्रशासन तक में हड़कंप मच गया है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मामले की जांच के लिए मुख्यालय स्तर पर कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।

ऑटो ड्राइवर बच्ची को लेने पहुंचा तो खुला मामला

जानकारी के मुताबिक, घटना का पता उस समय चला जब स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो ड्राइवर बच्ची को लेने पहुंचा। काफी तलाश करने के बावजूद बच्ची स्कूल में नहीं मिली। इसके बाद परिजन भी स्कूल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की।

बच्ची के चाचा के मुताबिक, जिस छात्र पर हमला करने का आरोप है, उसी ने परिवार को बताया कि बच्ची कहां पड़ी हुई है। इसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

96 सेकेंड तक बच्ची पर किया हमला, CCTV में कैद हुई घटना

स्कूल के क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में करीब 96 सेकेंड तक चली मारपीट रिकॉर्ड हुई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, छात्र ने बच्ची को बेंच पर पटकने के बाद उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिराया। इसके बाद उसके सिर और पेट पर लातें मारीं।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

आरोप है कि छात्र इसके बाद क्लासरूम से ईंट लेकर आया और बच्ची के सिर तथा चेहरे पर कई बार वार किए। बच्ची जमीन पर गिरकर रोती रही, लेकिन हमला जारी रहा। वीडियो के आखिरी हिस्से में भी छात्र बच्ची के सिर पर हमला करता दिखाई देता है। घटना के दृश्य बेहद विचलित करने वाले हैं। इसी वजह से CCTV फुटेज को सार्वजनिक रूप से दिखाना उचित नहीं है।

बच्ची की हालत देखकर बेहोश हुए पिता

बच्ची के चाचा ने बताया कि जब पिता स्कूल पहुंचे तो बच्ची खून से लथपथ हालत में मिली। बेटी की हालत देखकर उसके पिता बेहोश हो गए। परिजन उसे पहले एल्केमिस्ट अस्पताल लेकर पहुंचे।

वहां कुछ घंटे उपचार के बाद उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। परिवार के मुताबिक, बच्ची की हालत में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।

स्कूल प्रबंधन पर स्टाफ की कमी का आरोप

बच्ची के चाचा ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल में स्टाफ की कमी के कारण दो से तीन कक्षाओं के बच्चों को एक ही कमरे में बैठाया जाता था।

घटना के समय भी क्लासरूम में पर्याप्त शिक्षक मौजूद नहीं थे। परिवार ने स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने और मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने स्कूल पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ स्कूल पहुंचे। पुलिस स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा आरोपी छात्र के माता-पिता से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी कम उम्र के बच्चे ने इस तरह का हिंसक व्यवहार किन परिस्थितियों में किया।

इसके लिए बच्चे की पारिवारिक पृष्ठभूमि और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने घटना का CCTV वीडियो देखा है और इसे पूरा देखना भी बेहद मुश्किल है।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने गठित की जांच कमेटी

शिक्षा मंत्री ने मामले की जांच के लिए मुख्यालय स्तर पर कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट शाम तक या अगले दिन सुबह आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि स्कूल प्रबंधन या किसी अन्य स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। पंचकूला की इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों की निगरानी और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें जांच कमेटी की रिपोर्ट और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।