Saturday, 14 November 2026
पंजाब
IT Raid: लोहा-स्टील कारोबारियों पर IT की नजर, दिल्ली से पहुंचीं टीमें; कंपनियों और प्रमोटरों के घरों में खंगाले दस्तावेज
डेली संवाद, जालंधर। IT Raid: पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में आयकर विभाग ने बड़े स्तर पर छापेमारी की है। आयकर विभाग की विशेष टीमों ने जालंधर, बटाला, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में लोहा, स्टील तथा औद्योगिक कारोबार से जुड़े व्यापारियों और कंपनियों के ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान कंपनियों के कार्यालयों के साथ-साथ उनके प्रमोटरों के आवासों पर भी जांच की गई। दिल्ली से पहुंची विशेष टीमों ने वित्तीय रिकॉर्ड और कारोबारी लेन-देन से जुड़े दस्तावेज खंगाले।
जालंधर में गढ़ा रोड स्थित मार्केट के पास प्रबल स्टील नाम की फर्म पर आयकर विभाग की कार्रवाई विशेष रूप से चर्चा में रही। यहां गुरुवार सुबह शुरू हुई जांच शनिवार देर रात तक जारी रही। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों और जांच के निष्कर्षों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
गुरुवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई, शनिवार देर रात तक जांच
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमों ने गुरुवार सुबह एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की थी। जालंधर में प्रबल स्टील फर्म के ठिकाने पर दिल्ली से पहुंची टीम ने जांच की। इस दौरान मौके पर दिल्ली नंबर की कई गाड़ियां खड़ी दिखाई दीं।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
सूत्रों के मुताबिक, टीमों ने फर्म के कारोबारी रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान की जांच की। इसके अलावा कंपनी के प्रमोटरों के आवासों पर भी दबिश देकर रिकॉर्ड खंगाला गया। सूत्रों का दावा है कि जांच टीमों ने कुछ दस्तावेज और अन्य सामान अपने कब्जे में लिया है।
जालंधर में पुलिस भी रही तैनात
आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जालंधर के थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस के कुछ कर्मचारी भी मौके पर तैनात रहे। छापेमारी के दौरान मीडिया ने आयकर विभाग के अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों से कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी आधिकारिक तौर पर कुछ बताने से इनकार कर दिया।
बटाला, चंडीगढ़ और हिमाचल में भी छापेमारी
आयकर विभाग की यह कार्रवाई केवल जालंधर तक सीमित नहीं रही। बटाला, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में भी लोहा, स्टील और औद्योगिक कारोबार से जुड़े व्यापारियों के ठिकानों पर जांच की गई।
एक आयकर अधिकारी ने ऑफ-कैमरा बातचीत में जालंधर, बटाला, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में छापेमारी जारी होने की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय नियमों के चलते जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा सकती।
जांच पूरी होने के बाद सामने आ सकती है बड़ी जानकारी
फिलहाल आयकर विभाग की टीमें कंपनियों और उनके प्रमोटरों से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। छापेमारी के पीछे क्या वजह है, किन वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है और जांच में क्या सामने आया है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। विभाग की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।