Saturday, 15 August 2026
उत्तर प्रदेश
Independence Day 2026: CM योगी ने फहराया तिरंगा, कहा- आजादी का मतलब अराजकता, गरीबी और असमानता से मुक्ति
डेली संवाद, लखनऊ। Independence Day 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी का मतलब केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं है, बल्कि अराजकता, पिछड़ेपन, गरीबी, अशिक्षा और असमानता से भी पूरी तरह मुक्ति है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का आत्ममंथन करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
140 करोड़ भारतीयों को देना होगा योगदान
सीएम योगी ने कहा कि देश की आजादी को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए किसी एक व्यक्ति, जाति या संप्रदाय को नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों को अपने-अपने क्षेत्र में योगदान देना होगा। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 में देश के सामने मौजूद अराजकता, अशिक्षा, पिछड़ेपन और असमानता जैसी कई चुनौतियों में पिछले आठ दशकों में कमी आई है। उन्होंने बहुआयामी गरीबी से करोड़ों लोगों के बाहर आने, शिक्षा के विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास को देश की प्रगति से जोड़ा।

देश को कमजोर करने वाली ताकतों से रहना होगा सतर्क
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गरीब, युवा, महिला और किसान देश के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं और तकनीकी बदलावों का उद्देश्य इन वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज, एम्स, रेलवे कनेक्टिविटी, मेट्रो, रैपिड रेल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत लगातार हर क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन
योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, डॉ. भीमराव आंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित देश के महान राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई और धनसिंह कोतवाल जैसे वीरों को भी याद किया।
मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले जवानों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।
कीर्ति चक्र विजेता को दी श्रद्धांजलि
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश पुलिस के जांबाज इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को भी याद किया, जिन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कानून व्यवस्था और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाने में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र में ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ योगदान देता है, तो आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ सकता है।