ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 02 August 2026

Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया में यात्री फेरी बनी आग का गोला, 5 लोगों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया में यात्री फेरी बनी आग का गोला, 5 लोगों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

डेली संवाद, जकार्ता। Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास समुद्र में एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव दल समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, यह फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर जा रही थी। यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद अचानक फेरी में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

271 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे

एजेंसी के मुताबिक, फेरी में 271 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। हादसे के बाद कई बचाव जहाजों को मौके पर भेजा गया। अब तक 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

राहत अभियान लगातार जारी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में फेरी के ऊपरी हिस्से से घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। वीडियो में कई यात्री लाइफ जैकेट पहनकर जहाज के किनारे खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगाते भी दिखाई दे रहे हैं।

बचाव एजेंसियों ने कहा कि मौसम और समुद्री परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राहत अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि लापता लोगों का जल्द पता लगाया जा सकेगा।