ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 07 November 2026

Jalandhar News: इनोसेंट हार्ट्स में LEAP अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

Jalandhar News: इनोसेंट हार्ट्स में LEAP अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: इनोसेंट हार्ट्स स्कूल में शैक्षणिक उत्कृष्टता और विद्यार्थियों की प्रतिभा को सम्मान देने के लिए वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह LEAP अवॉर्ड्स 2026 (Leadership Excellence in Academic Performance) का आयोजन किया गया। बौरी मेमोरियल एजुकेशनल एंड मेडिकल ट्रस्ट द्वारा संचालित 'दिशा – एन इनीशिएटिव' के तहत ग्रीन मॉडल टाउन कैंपस में आयोजित इस समारोह में स्कूल के पांचों कैंपस के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में पद्मश्री संत बलबीर सिंह सीचेवाल, राज्यसभा सदस्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर बौरी मेमोरियल एजुकेशनल एंड मेडिकल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रमेश सूद, इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अनूप बौरी, डॉ. चंदर बोवरी, ट्रस्टी संदीप जैन, फाइनेंस एडवाइजर के.के. सरीन और प्रसिद्ध उद्यमी दिनेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित करके की गई। इसके बाद ग्रीन मॉडल टाउन और लोहारां कैंपस के विद्यार्थियों ने मंत्रांजलि की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।

इस दौरान सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं, 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त योग्य एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां भी दी गईं। शिक्षा, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और अन्य क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

रिद्धिमा धमीजा बनीं 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर'

समारोह का विशेष आकर्षण 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' पुरस्कार रहा। इनोसेंट हार्ट्स की फाउंडर डायरेक्टर स्वर्गीय कमलेश बौरी तथा अर्चित अग्रवाल और ध्रुव अग्रवाल की पुण्य स्मृति में यह पुरस्कार लोहारां कैंपस की रिद्धिमा धमीजा को प्रदान किया गया। उन्हें ट्रॉफी के साथ 5,100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

इसके अलावा ग्रीन मॉडल टाउन कैंपस की श्रेया वासदेव और नूरपुर रोड कैंपस की अक्षिता को स्कूल की गतिविधियों तथा स्कूल समुदाय के प्रति उनके समर्पण और योगदान के लिए विशेष ट्रॉफी प्रदान की गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

LEAP अवॉर्ड्स समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। नूरपुर रोड कैंपस के विद्यार्थियों द्वारा पेश किए गए ऊर्जावान भांगड़े ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, 'युगांतर – अधर्म से धर्म की ओर' नामक प्रस्तुति में नृत्य और नाटक के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

इनोसेंट हार्ट्स की पूर्व छात्रा और लोकप्रिय डांस रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस' की प्रतिभागी गीतांजलि ने 'झुमका गिरा रे' गीत पर शानदार डांस प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

संत सीचेवाल ने विद्यार्थियों को दिया प्रेरणादायक संदेश

मुख्य अतिथि पद्मश्री संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इनोसेंट हार्ट्स द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी हमेशा याद रखना चाहिए। विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए उत्कृष्टता की ओर आगे बढ़ते रहना चाहिए।

इस अवसर पर डॉ. पलक गुप्ता बौरी (डायरेक्टर सीएसआर) ने दिशा पहल के तहत ट्रस्ट द्वारा शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वहीं, डॉ. धीरज बनाती (डिप्टी डायरेक्टर – एक्सपैंशन्स) ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।

कार्यक्रम में इनोसेंट हार्ट्स मैनेजमेंट के सदस्य डॉ. रोहन, श्रीमती शैली, श्रीमती आराधना और डॉ. आस्था सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

समारोह का समापन धन्यवाद प्रस्ताव, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस तरह LEAP अवॉर्ड्स 2026 विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रतिभा और मेहनत को प्रोत्साहित करने वाला यादगार आयोजन बना।